पटना में बाइक से ले जाकर युवक की हत्या, सड़क किनारे फेंका शव; CCTV खंगाल रही पुलिस
नौबतपुर के नरेंद्र रामपुर में 24 वर्षीय युवक हैप्पी राज की धारदार हथियार से हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने दो संदिग्धों आर्यन और सुधी ...और पढ़ें

युवक की हत्या ( सांकेतिक तस्वीर )
HighLights
नौबतपुर में 24 वर्षीय हैप्पी राज की हत्या।
धारदार हथियार से मारकर शव सड़क किनारे फेंका।
पुलिस आर्यन और सुधीर की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, नौबतपुर। थाना क्षेत्र के नरेंद्र रामपुर गांव में सोमवार देर रात 24 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के स्वजन और ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
मृतक की पहचान नरेंद्र रामपुर निवासी बन राय के पुत्र हैप्पी राज के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार शाम हैप्पी को गांव के दो युवकों आर्यन और सुधीर के साथ बाइक पर जाते देखा गया था। रात करीब 10 बजे लोगों ने गांव की मुख्य सड़क किनारे खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर गांव में भारी भीड़ जमा हो गई।
पुरानी रंजिश में हत्या का शक
सूचना पर नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के कई जख्म पाए गए हैं।
मृतक के स्वजन ने आरोप लगाया कि आर्यन और सुधीर ही हैप्पी को बाइक पर बैठाकर ले गए थे और रास्ते में उसकी हत्या कर दी। स्वजन का कहना है कि दोनों से हैप्पी की पुरानी रंजिश चल रही थी, लेकिन हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
खबरें और भी
गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू
स्वजन ने दोनों आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया और सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्वजन को समझा-बुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि स्वजन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल और आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।