Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में शराब तस्करों पर कसेगी नकेल, ड्रोन और ट्रैकर डॉग का रहा इस्तेमाल; चेकपोस्ट में बढ़ा जांच का दायरा

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 11:19 PM (IST)

    बिहार में शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग ने नई रणनीति अपनाई है, जिसमें छापेमारी में ड्रोन और ट्रैकर डॉग का इस्तेमाल किया जा रहा है। पूर ...और पढ़ें

    सहायक आयुक्त उत्पाद लाला अजय कुमार सुमन। फोटो जागरण

    सहायक आयुक्त उत्पाद लाला अजय कुमार सुमन। फोटो जागरण

    HighLights

    1. शराबबंदी के लिए ड्रोन और ट्रैकर डॉग का उपयोग।

    2. दालकोला चेकपोस्ट पर जांच का दायरा बढ़ाया गया।

    3. तस्करों के नए 'सेफ जोन' रास्तों पर निगरानी।

    प्रशांत चौधरी, पूर्णिया। बिहार में देशी-विदेशी शराब के रोकथाम के लिए उत्पाद विभाग ने नई रणनीति बनाई गई है। अब छापामारी में ड्रोन कैमरे का साथ ट्रैकर डॉग की मदद ली जा रही है।

    उत्पाद विभाग ने स्थानीय स्तर पर छापेमारी के लिए दो टीम का गठन किया है। गठित टीम को जिले के दो क्षेत्रों में बांटा गया है। पहली टीम को सदर पूर्व अंतर्गत क्षेत्र में छापेमारी करनी है, जबकि सदर पश्चिम क्षेत्र में दूसरी टीम छापेमारी करेगी।

    सदर पूर्व में टीम को पूर्णिया पूर्व प्रखंड से डगरूआ, बयासी, अमौर एवं वैसा और सदर पश्चिम में टीम के नगर, श्रीनगर, जलालगढ़ एवं कसबा प्रखंड अंतर्गत सभी संभावित इलाके में छापेमारी करेगी, ताकि कोई भी सस्पेक्टेड इलाका छुटे नहीं। छापेमारी के दौरान देशी शराब की भट्ठियों को नष्ट करने के साथ साथ कारोबारियों की गिरफ्तारी भी की जा रही है।

    दालकोला चेकपोस्ट पर जांच का बढ़ाया गया दायरा

    विदेशी शराब की तस्करी पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए पश्चिम बंगाल सीमा से सटे दालकोला चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की पुलिस द्वारा जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

    यहां छोटे बड़े वाहनों की जांच के लिए 24 घंटे उत्पाद पुलिस तैनात है। सीसीटीवी कैमरे को दुरुस्त किया गया है। यहां एक इंस्पेक्टर, एक सब इंस्पेक्टर, पांच असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के अलावा पर्याप्त संख्या में होम गार्ड के जवानों की तैनाती हुई है।

    अगर शराब की खेप लेकर तस्कर किसी प्रकार से उत्पाद पुलिस को झांसा देकर दालकोला चेकपोस्ट से भाग निकले तो उसे पकड़ने के लिए गठित सदर पूर्व की टीम बैकअप देगी और सूचना मिलते ही वरसोनी टॉल प्लाजा पर पहुंचकर नाकाबंदी करेगी।

    खबरें और भी

    यदि दालकोला चेकपोस्ट पर अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होगी तो सदर पूर्व और सदर पश्चिम की टीम वहां पहुंचकर संयुक्त रूप से कार्रवाई करेगी। ऐसी स्थिति में तस्करों के लिए चेकपोस्ट से सुरक्षित निकल जाना आसान नहीं होगा।

    उत्पाद विभाग की सैफ जोन पर है नजर

    विदेशी शराब की तस्करी के लिए दालकोला चेकपोस्ट से होकर पूर्णिया की ओर के रस्ते को चुना जाता रहा है, लेकिन बढ़ती पुलिस दबिश के कारण शराब तस्करों ने एक नए रास्ते का चयन किया है। यह रास्ता पश्चिम बंगाल और कटिहार जिले के सीमा क्षेत्र से होकर सुनौली से महेन्द्रपुर, मझेली से होते हुए बेलौरी पहुंचती है।

    इस रास्ते पर पुलिस की गतिविधि कम रहती है। इसी वजह से तस्कर इसे सेफ रास्ता मानकर शराब की खेप ला रहे हैं। इस रास्ते पर कभी कभी गुप्त सूचना के आधार पर विदेशी शराब और स्मैक की बरामदगी हुई है।अब उत्पाद विभाग की टीम महिंद्रपुर से बेलौरी के रास्ते पर नजर रखने की योजना बना रही है।

    शराब जब्ती को लेकर जुलाई माह में अब तक 154 केस दर्ज

    उत्पाद विभाग की कार्रवाई में जुलाई महीने में शराब मामले के कुल 154 केस दर्ज कर 152 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 86 लोग शराब पीने वाले और 66 बेचने वाले पकड़े गए हैं।

    1230 लीटर विदेशी शराब की बरामदगी के साथ कुल 18 छोटे बड़े वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा कई स्थानों पर देशी शराब तैयार करने की भट्टी और सामान को भी उत्पाद विभाग द्वारा ध्वस्त किया गया है।

    क्या कहते हैं सहायक आयुक्त उत्पाद?

    सहायक आयुक्त उत्पाद लाला अजय कुमार सुमन ने बताया कि शराब के रोकथाम के लिए व्यापक रूप से फेरबदल की गई है। जिले में दो टीम का पुनर्गठन किया गया है,ताकि छापेमारी के दौरान कोई एरिया छुटे नहीं। दालकोला चेकपोस्ट पर प्रयाप्त पदाधिकारी के साथ होम गार्ड की तैनाती की गई है।

    सीसीटीवी कैमरे को दुरुस्त किया गया है। यहां जांच की 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि शराब की बरामदगी के लिए एक रणनीति बनाई गई है, जिसके जल्द ही परिणाम दिखने लगेंगे।

    यह भी पढ़ें- गयाजी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, इंडिगो भी पहली बार बैंकॉक के लिए भरेगी उड़ान