पूर्णिया में अब पंचायतों में बैठेंगे राजस्व कर्मचारी, हफ्ते में दो दिन शिकायतों का करेंगे समाधान
धमदाहा अंचलाधिकारी ने राजस्व कर्मचारियों को सोमवार और शुक्रवार को पंचायतों में बैठने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस् ...और पढ़ें
-1768644029658_m.webp)
पंचायतों में बैठेंगे राजस्व कर्मचारी। (जागरण)
HighLights
राजस्व कर्मचारी सप्ताह में दो दिन पंचायतों में उपस्थित रहेंगे।
ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं का पंचायत स्तर पर समाधान।
अंचलाधिकारी ने त्वरित निष्पादन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा।
संवाद सूत्र, धमदाहा (पूर्णिया)। अंचलाधिकारी धमदाहा कुमार रविंद्र नाथ ठाकुर ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, संवेदनशील व जनोन्मुखी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अंचल क्षेत्र की सभी पंचायतों में राजस्व कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन सोमवार एवं शुक्रवार पंचायत स्तर पर बैठने का आदेश जारी किया है।
इस व्यवस्था के तहत राजस्व कर्मचारी पंचायतों में बने सरकारी भवनों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आम लोगों की शिकायतों का निष्पादन करेंगे।
अंचलाधिकारी ने बताया कि सरकार एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अब राजस्व से जुड़ी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को अंचल कार्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
राजस्व कर्मचारी पंचायत सरकार भवन, राजीव गांधी सेवा केंद्र अथवा सामुदायिक भवन में बैठकर आगंतुकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
इसी क्रम में धमदाहा मध्य पंचायत के राजस्व कर्मचारी नीतीश कुमार को वार्ड संख्या-17 स्थित सामुदायिक भवन में सोमवार एवं शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बैठने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, धमदाहा दक्षिण पंचायत भवन के साथ-साथ धमदाहा उत्तर, धमदाहा पूर्व, रूपसपुर खागाहा, दमगड़ा, मुगलिया पुरंदाहा पूर्व, मोगलिया पुरंदाहा पश्चिम, राजघाट गरैल, कुकरौन पूर्व, कुकरौन पश्चिम, नीरपुर, विष्णुपुर, किशनपुर बलुआ, कुंवारी, बरदेला, ईटहरी, माली, रंगपुरा उत्तर, रंगपुरा दक्षिण, दमैली, चंपावती, सरसी, पारसमणी, चिकनी डुमरिया, ठाढ़ी राजो सहित अन्य पंचायतों में संबंधित राजस्व कर्मचारी निर्धारित सरकारी भवनों में उपस्थित रहेंगे।
अंचलाधिकारी कुमार रविंद्र नाथ ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सभी राजस्व कर्मचारी निर्धारित समयानुसार सोमवार एवं शुक्रवार को अनिवार्य रूप से पंचायत या सरकारी भवन में बैठेंगे। जिन राजस्व कर्मचारियों को दो पंचायतों का प्रभार दिया गया है, वे पहले पंचायत में निर्धारित समय तक बैठने के बाद दोपहर 2:00 बजे के बाद दूसरी पंचायत में जाकर शाम 5:00 बजे तक जनता की समस्याएं सुनेंगे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजी संधारण किया जाए और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो। अंचलाधिकारी ने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस पहल से ग्रामीण स्तर पर राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता आएगी और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।