पूर्णिया में एक दिन में दो खूनी वारदात: भाइयों ने बड़े भाई को तलवार से काटा, बेटे ने माता-पिता का किया मर्डर
पूर्णिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। बनमनखी में भाइयों ने जमीन विवाद में बड़े भाई को तलवार से मार डाला। ...और पढ़ें

सांकेतकि तस्वीर
जागरण टीम, पूर्णिया। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रिश्तों के कत्ल में कहीं वृद्ध माता-पिता तो कहीं बड़े भाई की जान गई। केनगर थाना क्षेत्र में पहचान वार्ड आठ स्थित हेम कालोनी मुसहरी में 65 वर्षीय गुलर ऋषि व उनकी 50 वर्षीय पत्नी मुनिया देवी का शव घर में ही फंदे से झूलता मिला है।
दंपति के बड़े पुत्र पर मनोज ऋषि पर दोनों की हत्या का आरोप लग रहा है। खुद मनोज ऋषि की बहन ने बिना परवरिश के ही जमीन हड़पने की नियत से दंपति की हत्या का आरोप लगाया है।
इधर, बनमनखी थाना क्षेत्र के धरहरा चकला भुनाई पंचायत के वार्ड नंबर सात निवासी सुशील शर्मा की हत्या उनके दो छोटे सगे भाई वकील शर्मा एवं बाबुल शर्मा खंभे से बांधने के बाद चाकू से गोदकर कर दी। हत्या का कारण दस कट्ठा जमीन को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।
बनमनखी के मामले में पुलिस ने आरोपित भाईयों को गिरफ्तार भी कर लिया है। केनगर के मामले में खुद एसडीपीओ गौरव कुमार ने मामले की जांच की है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर नमूना एकत्रित किया है। पुलिस पोस्टमार्टम व फोरेसिंक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस दंपति मामले में पूरी बारिकी से हर पहलू की जांच कर रही है। मृतक दंपति की पुत्री चंपा देवी के साथ अन्य स्वजनों ने पुलिस को बताया कि मनोज ऋषि व उनकी पत्नी फूल देवी का वृद्ध दंपति से अक्सर खाना सहित परवरिश को लेकर विवाद होता रहता था। मनोज ऋषि उचित ढंग से दोनों का भरण-पोषण नहीं कर पा रहा था।
खबरें और भी
अक्सर दोनों अपनी बेटी के घर खाना खाते थे या फिर गांव में मांगकर अपनी पेट की आग बुझाते थे। दंपति को बेटी ले जाना चाह रही थी, लेकिन मनोज ऋषि इसका विरोध कर रहा था। शनिवार को मनोज ऋषि ने दोनों को जान से मार देने की बात भी कही थी। सुबह दोनों का शव फंदे से झूलता मिला।
मनोज ऋषि को लगता था कि मां-बाप अगर बहन के घर गए तो पैतृक जमीन उसे लिख देंगे। शनिवार की रात दंपति का छोटा पुत्र संजय ऋषि भी घर से बाहर था। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बनमनखी में सुशील शर्मा का अपने छोटे भाई वकील शर्मा व बाबुल शर्मा में दस कट्टा जमीन को लेकर विवाद हुआ हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाईयों ने सुशील शर्मा के साथ मारपीट की। बाद में उसे बांस के खंभे से बांध दिया और तलवार से गोद कर उसकी हत्या कर दी।
बचाने के लिए पहुंची सुशील शर्मा की पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। वह अपने चार बच्चों के साथ पड़ोसी के घर में छिपकर जान मचायी। बाबुल शर्मा गत दस साल से घर से लापता रहा था। घर लौटने पर वकील शर्मा के साथ मिलकर जमीन की हिस्सेदारी की मांग कर रहा था।