Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्णिया में 278 अकाउंट होल्डरों के खाते से ₹30000000 की ठगी, CSP संचालक ने बेटे का साथ मिलकर किया कांड

    Updated: Fri, 15 May 2026 07:52 PM (IST)

    पूर्णिया के रौटा स्थित सेंट्रल बैंक के सीएसपी संचालक जुबैर आलम और उसके परिवार पर 278 लाभुकों के खातों से 3 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। ...और पढ़ें

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)

    HighLights

    1. रौटा सेंट्रल बैंक सीएसपी से 3 करोड़ की ठगी।

    2. 278 लाभुकों के खातों से फर्जीवाड़ा कर निकासी।

    3. सीएसपी संचालक का बेटा इंतेशार आलम गिरफ्तार।

    राजीव कुमार, पूर्णिया। रौटा स्थित सेन्ट्रल बैंक के एक सीएसपी संचालक द्वारा 278 लाभुकों के खाते से 3 करोड़ की राशि की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।

    इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद रौटा थाना पुलिस ने सीएसपी संचालक जुबैर आलम के बेटे इंतेशार आलम को गिरफ्तार कर लिया है। लाभुकों के खाते से फर्जीवाड़ा का यह खेल विगत छह वर्षों से चल रहा था।

    इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक लाभुक के खाते से चौदह लाख की राशि गायब होने के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद जब लाभुकों ने अपने खातों की जांच शुरू की तो 278 लाभुकों के खाते से तीन करोड़ की राशि का फर्जीवाड़ा कर निकासी करने की बात सामने आई।

    सोहागी बेगम ने की शिकायत

    इस मामले में अमौर की रहने वाली लाभुक सोहागी बेगम की लिखित शिकायत के आधार पर रौटा सेन्ट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक रमण महतो, सहायक प्रबंधक सुभ्रादास, सहायक प्रबंधक शेखर बख्शी एवं बैंक में कार्यरत कर्मियों के अलावा सीएसपी संचालक जुबैर आलम, उसका बेटा इंतेशार आलम, दूसरा बेटा मुन्तजीर आलम एवं उसकी पत्नी तजमीन निशा को आरोपी बनाया गया है।

    दर्ज प्राथमिकी में सोहागी बेगम, पति शाहनवाज़ वार्ड नं 10, गांव-रांगामाटी, टोला तालबाड़ी, पंचायत डहुवाबाड़ी, अमौर ने कहा है कि उसका खाता संख्या 3973887061, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया रौटा ब्रांच में है।

    जब वह 30 मार्च 2026 को अपने खाते की जांच करने गयी तो इसमें 14,57,836 रुपये था। लेकिन जब फिर 15 अप्रैल 2026, समय 11:40 बजे अपने खाता को चेक करने गई तो उसमें सिर्फ 51 रुपया बचा हुआ था।

    खबरें और भी

    प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सभी राशि सीएसपी संचालक जुबेर आलम, पिता स्व हाजी महमूदीन, मोहल्ला रौटा, थाना रौटा, बीसी कोड-530139100108, ओडी खाता सं०-3410689672, उनका पुत्र इंतेशार आलम खाता सं० 5815023233 (सीडी), 3611037174 (एसए), पुत्र मुन्तजीर आलम मोबाइल नं 9934047057, खाता सं०-3411151667, पत्नी तजमीन निशा ने इस ठगी को अंजाम दिया है।

    प्राथमिकी में कहा गया है कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा रौटा के शाखा प्रबंधक रमण महतो, सहायक प्रबंधक सुभ्रा दास, सहायक प्रबंधक शेखर बक्शी एवं बैंक में कार्यरत सभी कर्मचारी की मिलीभगत से मेरे एवं 278 ग्राहकों के साथ ठगी की गई है।

    अधिकतर खाताधारक के खाते से एइपीएस, आइएमपीएस, आरटीजीएस, मोबाइल बैकिंग एवं नेटबैकिंग के माध्यम से स्थानांतरण कर लिया गया है।

    मोबाइल नंबर तक बदल डाला

    सीएसपी से हुई ठगी के मामले में यह बात भी सामने आई है कि कई ग्राहक जिनके खाते से पैसे निकाले गए हैं उनके मोबाइल नंबर तक को बिना किसी सूचना के बदल दिया गया है।

    ऐसा करने से खाते से किसी भी तरह की निकासी होने पर ग्राहकों को समय पर सूचना नहीं मिल पायी। बताया जाता है कि फर्जीवाड़ा का यह खेल वर्ष 2020 से इस सीएसपी में खेला जा रहा था। लेकिन जिस बैंक का सीएसपी था उसके अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

    सीएसपी संचालक जुबैर आलम एवं उसके दो बेटों ने सीएसपी के माध्यम से कई तरह का फर्जीवाड़ा कर राशि की निकासी कर ली है।

    पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि सीएसपी के माध्यम से कई ग्राहकों को राशि फिक्स करने का पेपर तक दे दिया गया लेकिन वह फर्जी पेपर तैयार कर दिया गया।

    इसके अलावा पैसे की निकासी के समय कई बार अंगूठे का प्रयोग कर एक बार के बदले खाते से कई बार राशि की निकासी की गयी।

    इन लाभुकों के खाते से निकाली गयी राशि

    सेन्ट्रल बैंक के सीएसपी से 278 खाता धारकों के खाते से राशि निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। इसमें लैलून के खाता संख्या 3970584068 से तीन लाख, सरस्वती के खाता संख्या 5875101133 से तीन लाख, बलराज के खाता संख्या 2363412666 से एक लाख 74 हजार की निकासी की गई।

    निलोफर बेगम के खाता संख्या 5392608844 से एक लाख 83 हजार 716 रुपए की निकासी कर ली गयी है। इसी तरह गुलचमन के खाता संख्या 3136912401 से एक लाख 11 हजार, अख्तर बेगम के खाता संख्या 5136168204 से एक लाख 30 हजार की निकासी, नाजिया बेगम के खाता संख्या 4032577979 से एक लाख 75 हजार की निकासी की गई।

    दिलजाह बेगम के खाता संख्या 3987699413 से दो लाख 85 हजार की फर्जीवाड़ा कर निकासी कर ली गयी। शहनाज के खाता संख्या 3971358108 से दो लाख 60 हजार, चांदनी बेगम के खाता संख्या 5145889735 से चार लाख की निकासी कर ली गयी है।

    बीबी नाजमिन के खाता संख्या 3964627795 से तीन लाख 96 हजार 356 रुपए अब्दुस समद के खाता संख्या 4044460322 से चार लाख की निकासी सीएसपी से माध्यम से कर ली गयी है। यहां कुल 278 ग्राहकों के अलग- अलग खातों से फर्जीवाड़ा कर राशि की निकासी की गयी है।

    यह भी पढ़ें- बांका में साली की शादी से नाराज जीजा ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, हालत नाजुक