पूर्णिया में आंधी-बारिश के बीच ठनका गिरने से वृद्ध की मौत, चार पुत्रों का परिवार पीछे छोड़ गए नागेश्वर शर्मा
पूर्णिया के रूपौली प्रखंड में बुधवार रात आंधी-बारिश के दौरान ठनका गिरने से 60 वर्षीय नागेश्वर शर्मा की मौत हो गई। सुबह उनका झुलसा हुआ शव मिला, जिसके ब ...और पढ़ें

रूपौली: ठनका की चपेट में आए वृद्ध किसान, मौके पर मौत से परिवार सदमे में
HighLights
पूर्णिया के रूपौली में ठनका गिरने से वृद्ध की मौत।
60 वर्षीय नागेश्वर शर्मा का झुलसा हुआ शव मिला।
परिजनों ने 4 लाख रुपये मुआवजे की मांग की।
जागरण संवाददाता, रूपौली (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के रूपौली प्रखंड अंतर्गत एतवारी टोला बलिया गांव में बुधवार की रात ठनका गिरने से एक वृद्ध व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के एतवारी टोला बलिया गांव निवासी 60 वर्षीय नागेश्वर शर्मा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी सुबह उस समय मिली जब स्वजन उन्हें खोजते हुए बथान की ओर गए। वहां वे झुलसी हुई अवस्था में बथान के बगल में गिरे पड़े मिले।
रात में मची थी आंधी और बिजली की कड़क
परिजनों के अनुसार, नागेश्वर शर्मा रात में घर के पास भोज खाकर लौटे थे। इसके बाद वे घर से कुछ दूरी पर मचान पर सोने चले गए थे। रात करीब 9 बजे तेज आंधी और बिजली कड़कने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। आशंका है कि इसी दौरान ठनका गिरने से उनकी मौत हो गई।
सुबह मिली झुलसी हुई लाश, परिवार में कोहराम
सुबह जब वे घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें ढूंढने निकले। बथान पहुंचने पर उनका झुलसा हुआ शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने घटना को बेहद दुखद बताया।
कृषि कार्य से चलाते थे परिवार का भरण-पोषण
मृतक नागेश्वर शर्मा कृषि कार्य कर अपने परिवार का जीवन यापन करते थे। वे मेहनतकश किसान थे और गांव में शांत स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
खबरें और भी
चार पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए पीछे
नागेश्वर शर्मा अपने पीछे चार पुत्रों—मुकेश शर्मा, संगीत शर्मा, मंजीत शर्मा और रूपेश शर्मा का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि यह हादसा हो गया।
मुआवजे की मांग, प्रशासन से मदद की अपील
घटना के बाद मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र शर्मा और मोहम्मद साहब आलम सहित कई लोग पहुंचे। सभी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत ₹4 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी सरकार से तत्काल सहायता की अपील की है ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।