विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिन में फेरीवाला बनकर रेकी, रात में करते थे चोरी; पूर्णिया में महिला समेत 5 गिरफ्तार 

Published: Sun, 06 Sep 2026 04:21 PM (IST)

पूर्णिया पुलिस ने अकबरपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी और गृहभेदन की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को ...और पढ़ें

चोरों का गैंग गिरफ्तार। फोटो जागरण

चोरों का गैंग गिरफ्तार। फोटो जागरण

HighLights

  1. पूर्णिया पुलिस ने चोरी के पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार।

  2. आरोपी दिन में फेरीवाला बनकर घरों की करते थे रेकी।

  3. चोरी किए गए दो इन्वर्टर और बैटरी बरामद की गई।

संवाद सहयोगी, रुपौली/धमदाहा। अकबरपुर थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव में हुई चोरी और गृहभेदन की घटना का पुलिस ने सफल उदभेदन करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दो इन्वर्टर और दो इन्वर्टर की बैटरी बरामद की गई हैं।

शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए धमदाहा के प्रभारी डीएसपी शैलेश प्रीतम ने बताया कि 18 अगस्त 2026 की रात बहदुरा गांव निवासी राकेश प्रकाश के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

मामले में पीड़ित के लिखित आवेदन पर अकबरपुर थाना कांड संख्या 100/26, दिनांक 20 अगस्त 2026, धारा 331(4)/303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

फेरीवालों की तरह गांव में घूमकर करते थे रेकी

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि गिरोह के सदस्य दिन के समय गांव-गांव घूमकर फेरीवालों की तरह ऑफर के नाम पर सामान बेचने का काम करते थे।

इसी दौरान वे घरों की गतिविधियों और लोगों के आने-जाने की जानकारी जुटाकर रेकी करते थे। रेकी के बाद ऐसे घरों को अपना निशाना बनाते थे, जहां चोरी की संभावना अधिक हो।

इसके बाद मौका देखकर रात में घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था। घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने वैज्ञानिक अनुसंधान एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मु. जाहिद (27), मु. सरकार अंसारी (24), मु. इस्राइल (45), राजू साह (30) और मकिना खातून (30) शामिल हैं। सभी आरोपित मधेपुरा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 02 इन्वर्टर और 02 इन्वर्टर बैटरी बरामद की है। पुलिस अन्य सामान तथा घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।

एक आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजू साह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सिलीछोर थाना में कांड संख्या 168/28, दिनांक 22 मई 2025, धारा 111/317(2) बीएनएस एवं बीपीए अधिनियम तथा कांड संख्या 96/2025 दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

घर छोड़कर जाने से पहले दें सूचना

प्रभारी डीएसपी शैलेश प्रीतम ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपना घर छोड़कर कुछ दिनों के लिए कहीं बाहर जाता है, तो इसकी जानकारी संबंधित थाने को जरूर दें।

उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में पुलिस थानों में स्पेशल सेल बनाया गया है, जहां लोग अपने घर के लंबे समय तक बंद रहने की सूचना दे सकते हैं।

इससे पुलिस को ऐसे घरों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी और चोरी की घटनाओं को रोकने में भी सहायता मिलेगी। छापेमारी दल में अकबरपुर थानाध्यक्ष, मोहनपुर थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल, तकनीकी शाखा तथा पूर्णिया का श्वान दस्ता शामिल था।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में जन्माष्टमी के मेले में खूनी खेल: आर्केस्ट्रा के दौरान चाकूबाजी से 1 युवक की मौत, हिरासत में 8 आरोपी