Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्णिया: 516 ग्राम स्मैक व नेपाली करेंसी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार; नेपाल से कटिहार डिलीवरी देने जा रहे थे अपराधी

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 11:00 PM (GMT+05:30)

    पूर्णिया पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से 516 ग्राम स्मैक और नेपाली करेंसी के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर नेपाल से स्मै ...और पढ़ें

    बेलौरी चौक के पास एनएच-131ए पर पुलिस की नाकेबंदी में पकड़े गए अररिया के दो तस्कर; कार जब्त

    बेलौरी चौक के पास एनएच-131ए पर पुलिस की नाकेबंदी में पकड़े गए अररिया के दो तस्कर; कार जब्त

    HighLights

    1. पूर्णिया में 516 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

    2. नेपाल से कटिहार ले जाई जा रही थी मादक पदार्थ की खेप।

    3. पुलिस ने टाटा नेक्सॉन कार और नेपाली करेंसी भी जब्त की।

    संवाद सूत्र, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। जिले की पुलिस की विशेष टीम ने शुक्रवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी चौक के समीप वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक लग्जरी चार पहिया वाहन से 516 ग्राम स्मैक (मादक पदार्थ) और नेपाली करेंसी के साथ दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

    प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तस्कर नेपाल से स्मैक की बड़ी खेप लेकर आ रहे थे और कटिहार में इसकी डिलीवरी देने वाले थे। गिरफ्तार तस्करों की पहचान अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर (वार्ड संख्या एक) निवासी मु. इमरोज़ और (वार्ड संख्या छह) निवासी मु. नसर के रूप में हुई है।

    गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी विशेष टीम

    मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार (BR 38 AR 9826) में सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में स्मैक लेकर बेलौरी के रास्ते कटिहार की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने सदर-वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अभिनव परासर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।

    पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सतडोब स्थित बेलौरी धर्मकांटा के पास एनएच-131ए के पूर्वी लेन पर नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

    पैसेंजर सीट के नीचे छिपाकर रखी गई थी स्मैक की खेप

    चेकिंग के दौरान बेलौरी की ओर से आ रही संदिग्ध नेक्सॉन कार को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी भगाकर भागने की कोशिश की। हालांकि, पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।

    खबरें और भी

    नियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब कार की बारीकी से तलाशी ली गई, तो फ्रंट पैसेंजर सीट के नीचे छिपाकर रखा एक थैला बरामद हुआ। थैले को खोलने पर उसमें से 5 अलग-अलग पैकेटों में बंद कुल 516 ग्राम स्मैक मिली। इसके अलावा पुलिस ने कार, चार मोबाइल फोन और चार हजार नेपाली रुपये जब्त कर लिए।

    बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस

    एसडीपीओ की अगुवाई वाली इस टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नितिन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक परमजीत कुमार और डीआईयू (DIU) की टीम शामिल थी।

    पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि नेपाल से लेकर कटिहार तक फैले इस नशा तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज का पर्दाफाश किया जा सके।