Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्णिया विश्वविद्यालय में यूजी शुल्क 1200 से घटकर हुआ 600, आंदोलन के बाद झुका प्रशासन

    Updated: Tue, 07 Apr 2026 02:17 PM (IST)

    छात्र राजद के आंदोलन के बाद पूर्णिया विश्वविद्यालय ने यूजी परीक्षा फॉर्म शुल्क 1200 रुपये से घटाकर 600 रुपये कर दिया है। इस फैसले से सीमांचल के करीब ड ...और पढ़ें

    पूर्णिया विश्वविद्यालय में फीस कटौती। छात्र राजद ने किया आंदोलन।

    पूर्णिया विश्वविद्यालय में फीस कटौती। छात्र राजद ने किया आंदोलन।

    HighLights

    1. पूर्णिया विश्वविद्यालय ने यूजी परीक्षा शुल्क घटाया।

    2. छात्र राजद के आंदोलन का दिखा असर।

    3. डेढ़ लाख छात्रों को मिली बड़ी राहत।

    जागरण संवाददाता, पूर्णिया। छात्र राजद पूर्णिया जिला इकाई के आंदोलन का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यूजी परीक्षा फॉर्म शुल्क को 1200 रुपये से घटाकर 600 रुपये कर दिया है। इस फैसले से सीमांचल क्षेत्र के करीब डेढ़ लाख छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है और उनके आर्थिक बोझ में उल्लेखनीय कमी आई है।

    आंदोलन के बाद लिया गया फैसला

    गौरतलब है कि छात्र राजद पूर्णिया द्वारा पूर्व में पूर्णिया विश्वविद्यालय में तालाबंदी कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया था। संगठन की ओर से यह मांग उठाई गई थी कि लोकभवन द्वारा सीबीसीएस यूजी सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए प्रैक्टिकल और नन-प्रैक्टिकल दोनों के लिए अधिकतम 600 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

    हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन इस निर्देश को लागू करने में टालमटोल कर रहा था। इसके बाद छात्र राजद ने आंदोलन तेज करते हुए प्रशासन पर दबाव बनाया।

    लिखित आवेदन के बाद बनी सहमति

    धरना-प्रदर्शन के बाद छात्र राजद के जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने लोकभवन की गाइडलाइन के साथ लिखित आवेदन विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा। इसके बाद प्रशासन ने इस मुद्दे पर विचार करने का लिखित आश्वासन दिया था।

    अब यूजी थर्ड सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें छात्रों से केवल 600 रुपये ही शुल्क लिया जा रहा है।

    छात्रों की एकजुटता की जीत

    इस उपलब्धि पर छात्र राजद जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने कहा कि यह छात्र-छात्राओं की एकजुटता और संघर्ष की जीत है। उन्होंने इस निर्णय के लिए पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विवेकानंद सिंह का आभार भी प्रकट किया।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी छात्रों के हित में इसी तरह सक्रिय रहेगा और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाता रहेगा।

    छात्रावास और पीजी पढ़ाई को लेकर भी पहल

    बिस्मिल ने बताया कि छात्र राजद अब विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में बने छात्रावासों को जल्द चालू कराने के लिए प्रयासरत है। इस संबंध में कुलपति से बातचीत की गई है और कुछ छात्रावासों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य शुरू हो गया है।

    इसके अलावा संगठन ने अनुमंडलीय डिग्री महाविद्यालयों, एम.एल. आर्य महाविद्यालय, पूर्णिया महिला महाविद्यालय और जीएलएम महाविद्यालय में पीजी की पढ़ाई शुरू करने की मांग भी उठाई है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है।

    छात्रों में उत्साह का माहौल

    इस निर्णय के बाद जिले के छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है। छात्र राजद की इस सफलता से संगठन के प्रति छात्रों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

    जिलाध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने इस उपलब्धि पर संगठन के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है, जिससे हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिला है।