Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बचपन का सपना पूरा, पूर्ण‍िया का संगम बना पैरा कमांडो, देश का प्रहरी बन लौटा घर, बैरिया में होली-दिवाली जैसा हुआ स्वागत

    Updated: Wed, 11 Mar 2026 06:16 PM (IST)

    पूर्णिया के बैरिया गांव के संगम कुमार भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स में पैरा कमांडो बन गए हैं। 11 माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर घर लौटने पर उनका भव्य स् ...और पढ़ें

    अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया, संगम बना भारतीय सेना का पैरा कमांडो

    अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया, संगम बना भारतीय सेना का पैरा कमांडो

    HighLights

    1. संगम कुमार भारतीय सेना के पैरा कमांडो बने।

    2. 11 माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर लौटे।

    3. गांव में भव्य स्वागत, उत्सव जैसा माहौल।

    संवाद सूत्र, रुपौली (पूर्णिया)। टीकापटी थाना क्षेत्र के बैरिया गांव के युवक संगम कुमार ने भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स में पैरा कमांडो बनकर अपने गांव और जिले का नाम रोशन किया है। बताया जा रहा है कि जिले से इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह पहले युवक हैं।

    11 माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जब संगम अपने गांव पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत के लिए क्षेत्र के हजारों लोग सड़कों से लेकर घरों की छतों तक उमड़ पड़े। खुले वाहन में फूलों की माला पहनकर जब वह गांव की गलियों से गुजरे तो लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। गाजा-बाजा के साथ ग्रामीणों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।

    संगम सबसे पहले सपाहा गांव स्थित प्रसिद्ध महाकाली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गांव में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि संगम बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखते थे। वर्ष 2025 में कटिहार आर्मी कैंप में आयोजित भर्ती प्रक्रिया में उनका चयन भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स के पैरा कमांडो के रूप में हुआ था। इसके बाद अप्रैल 2025 में उन्हें बेंगलुरु में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया, जहां उन्होंने 11 माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा किया।

    सोमवार को जब संगम कुरसेला रेलवे स्टेशन पहुंचे तो उन्हें लेने के लिए दर्जनों चारपहिया वाहनों के साथ सैकड़ों लोग वहां पहुंच गए। देशभक्ति गीतों और गाजे-बाजे के साथ उन्हें गांव लाया गया। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

    खबरें और भी

    घर पहुंचने पर मां रूमा देवी और बहन पम्मी कुमारी ने फूलों की थाली से उनका स्वागत किया। पिता मनोहर कुमार की खुशी का ठिकाना नहीं था। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनका बेटा देश की सेवा के लिए सेना में शामिल हुआ है।

    संगम ने बताया कि यह सफलता उनके माता-पिता, भाई-बहनों और शुभचिंतकों के आशीर्वाद का परिणाम है। उनका लक्ष्य देश की सेवा करना है। उन्होंने युवाओं से मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की।

    इस अवसर पर पूर्व विधायक शंकर सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रतिमा सिंह, मुखिया अमीन रविदास, पैक्स अध्यक्ष हिमांशु कुमार समेत कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संगम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।