पूर्णिया में झमाझम बरसा मानसून: गर्मी से मिली राहत, अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट
पूर्णिया में पहली बार झमाझम मानसून वर्षा से गर्मी से राहत मिली और किसानों के चेहरे खिल उठे। मौसम विभाग ने 2 जुलाई तक बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किय ...और पढ़ें

पूर्णिया में झमाझम बरसा मानसून

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। इस मानसून में पहली बार सोमवार की सुबह मानसून की झमाझम वर्षा ने लोगों को बड़ी राहत दी है। तेज हवा और थंडरिंग के साथ हुई बारिश ने जहां भीषण गर्मी से झुलस रहे लोगों को ठंडक प्रदान की है वहीं किसानों के मुरझाए चेहरे एक बार फिर खिल उठे।
मौसम केंद्र द्वारा इस दौरान 49.3 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं, तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री व न्यूनतम 23.9 डिग्री दर्ज किया गया है।
वहीं, आने वाले 48 घंटे मानसून के मेहरबान रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने दो जुलाई तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए इस दौरान सीमांचल सहित पूरे बिहार में अच्छी वर्षा होने की संभावना जताई है। इस दौरान मौसम सुहाना रहने का अनुमान है तथा तापमान में और पांच डिग्री की गिरावट हो सकती है।
ग्रामीण क्षेत्र में दर्ज हुई अधिक वर्षा
दरअसल, रविवार देर रात से अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवा के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। करीब तीन घंटे तक मेघगर्जन व वज्रपात के बीच भारी बारिश हुई। घने बादल के कारण सोमवार को सुबह दिन में भी वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।
इस दौरान शहरी क्षेत्र से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई जिससे धान फसल को काफी लाभ पहुंचा है। पानी के अभाव में जहां धान के बिचड़े सूखने लगे थे वहीं रोपनी का काम किसान शुरू नहीं कर पा रहे थे, लेकिन इस बारिश ने किसानों की डूबती आस को सहारा दिया है।
खबरें और भी
मिली जानकारी अनुसार, इस दौरान शहर में 49.3 मिमी की बारिश देखने को मिली, जबकि कस्बे में सबसे ज्यादा 104.2 मिमी, बनमनखी में 82.2 मिमी , श्रीनगर में 81.1 मिमी, बैसा में 68.2 मिमी और केनगर में 55.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
देर रात व बारिश का असर सोमवार सुबह भी देखने को मिला। सुबह से आसमन में बादल छाए रहे। दिन में धूप तो निकली लेकिन इसका तापमान में ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। बारिश के कारण से अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई।
पंजाब से बिहार तक बना हुआ है टर्फ लाइन
पूर्णिया मौसम केंद्र के विज्ञानी सह प्रभारी वीरेंद्र झा ने बताया पिछले दो दिनों से मानसून की रफ्तार बढ़ी है। मानसून के एक्टिव होने के कारण से रविवार के रात से ही मौसम में बदलाव आया है। बताया कि अभी पंजाब से लेकर बिहार तक मानसून का टर्फ लाइन बना हुआ है जिससे पूर्वी भारत में मानसून अधिक सक्रिय हो गया है।
उन्होंने बताया कि एक एवं दो जुलाई तक मानसून काफी सक्रिय रहेगा, जिससे बिहार में अच्छी वर्षा होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि आसमान में छाए बादल के कारण से सुबह वायुमंडल की आद्रता 80 प्रतिशत थी जो शाम में 76 प्रतिशत दर्ज की गई। जिस कारण से तापमान में गिरावट भी देखने को मिली।
दिन में थोड़ी देर के लिए निकली धूप के कारण से उमस का असर बना रहा, लेकिन अगले 48 घंटे तक मेघगर्जन ,वज्रपात के साथ-साथ मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश होने के कारण से अधिकतम तापमान में गिरावट होगी जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।