यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pawan Singh: भोजपुरी स्टार पवन सिंह को 4 मामलों में मिली बेल, चार अलग-अलग जज के सामने होना पड़ा पेश
Pawan Singh Bail लोकसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी और भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह को गुरुवार को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के चार मामलों में जमानत मि ...और पढ़ें

HighLights
- भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को 4 मामलों में मिली बेल
- अप्रैल महीने में पवन सिंह के खिलाफ दर्ज हुए थे केस
संवाद सहयोगी, बिक्रमगंज (रोहतास)। लोकसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी व भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह को गुरुवार को स्थानीय व्यवहार न्यायालय के विभिन्न कोर्ट से आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के चार मामलों में जमानत मिल गई।
इससे पूर्व सात सितंबर को पवन सिंह बिक्रमगंज कोर्ट में जमानत के लिए आने वाले थे, लेकिन यह खबर तेजी से फैलने के बाद कोर्ट में उनके समर्थकों के साथ मीडियाकर्मियों की भारी भीड़ जमा हो गई। अंततः भीड़ के कारण उस दिन उनकी उपस्थिति को टाल दिया गया।
गुरुवार को उनके आगमन की सूचना गुप्त रखी गई थी। वे बिक्रमगंज के आसपास ही थे लेकिन न्यायालय परिसर में दोपहर के बाद पहुंचे। उनके पहुंचते ही न्यायालय में एक बार फिर भीड़ जमा हो गई। देखते देखते ही भीड़ बढ़ने लगी। न्यायालय में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। इसके बाद बारी-बारी से व्यवहार न्यायालय के चार अलग अलग न्यायिक अधिकारियों के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर जमानत लिया।
क्या था मामला
पवन सिंह लोकसभा चुनाव में काराकाट लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़े थे व दूसरे स्थान पर रहे थे। 23 अप्रैल को जब वे औरंगाबाद के रास्ते नासरीगंज से रोहतास जिला में प्रवेश किए तो काफी संख्या में समर्थक उनके वाहन के पीछे लग गए व नारेबाजी करते रहे।
इसके बाद बिक्रमगंज अनुमंडल के काराकाट, संझौली, नासरीगंज व राजपुर थाना में प्रशासन ने उनके विरुद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला किया था। बिक्रमगंज में उनके अभिकर्ता व रोड शो की अनुमति लेने वाले के विरुद्ध प्राथमिकी हुई थी।