Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: वोटिंग से पहले कांग्रेस विधायक ने बदला पाला, बिहार की इस सीट पर रोचक हुआ मुकाबला

    Updated: Thu, 09 Oct 2025 04:02 PM (GMT+05:30)

    बिहार के रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा सीट पर 2025 में रोचक मुकाबला होने की संभावना है। कांग्रेस विधायक मुरारी प्रसाद गौतम के पाला बदलने से समीकरण बद ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. मुरारी गौतम के पाला बदलने से मुकाबला रोचक

    2. 2025 में चेनारी में दिलचस्प चुनावी जंग

    3. गौतम का भाजपा में शामिल होना

    प्रवीण दूबे, सासाराम (रोहतास)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का चुनाव दो चरणों में होगा। रोहतास जिला के सात विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को मतदान व 14 नवंबर को मतगणना होगी। इस दौरान जिले की सुरक्षित चेनारी विधानसभा सीट पर रोचक मुकाबला होने की तस्वीर उभरकर आई है।

    2020 के चुनाव में महागठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी मुरारी प्रसाद गौतम ने बाजी मारी थी और महागठबंधन की सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री बने थे। फरवरी 2024 में नीतीश कुमार के पाला बदलकर एनडीए में जाने के बाद फ्लोर टेस्ट के वक्त उन्होंने भी पाला बदल लिया था और भाजपा के खेमे में आ गए थे।

    हालांकि, तब उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा तो नहीं दिया था लेकिन हर कार्यक्रम में भाजपा के मंच पर देखे जाते रहे। अब वे विधिवत कांग्रेस व विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा के साथ आ गए हैं।

    रोचक मुकाबला के बन रहे समीकरण:

    ब्राह्मण बहुल माने जाने वाले चेनारी विधानसभा से 2020 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मुरारी प्रसाद गौतम ने तत्कालीन विधायक जदयू के ललन पासवान को 18,003 मतों के अंतर से हराया था। मुरारी गौतम को 71,701 व ललन पासवान को 53,698 मत मिले थे।

    तब लोजपा के चंद्रशेखर पासवान ने 18,074 मत प्राप्त कर जदयू का खेल खराब कर दिया था। इसके अलावा बसपा को 12,864 व नोटा को 3,450 वोट मिले थे। इस बार मुरारी प्रसाद गौतम एनडीए के खेमे में आ गए हैं, जबकि लोजपा से लड़े चंद्रशेखर पासवान ने जदयू का झंडा उठा लिया है।

    खबरें और भी

    अब जब लोजपा फिर से एनडीए में शामिल हो चुकी है, तो यह समीकरण प्रभावित हो सकता है। हालांकि, क्षेत्र के लोग अभी इस ऊहापोह में हैं कि चेनारी सीट से महागठबंधन व एनडीए की तरफ से कौन प्रत्याशी आएंगे। हालांकि, मुख्य मुकाबला एनडीए व महागठबंधन के बीच ही होगा, लेकिन जन सुराज पार्टी यहां त्रिकोणीय संघर्ष का माहौल बनाने का दावा कर रही है।

    चार प्रखंडों से जुड़ा है चेनारी विधानसभा सीट:

    चेनारी विधानसभा क्षेत्र में मुख्य रूप से चेनारी, रोहतास व नौहट्टा के साथ शिवसागर प्रखंड की कुछ ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। यह सीट अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित है। चेनारी में कुल 3,06,648 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें पुरुष 1,63,254, महिला 1,43,392 व मंगलामुखी मतदाताओं की संख्या दो है। 2020 के विधानसभा चुनावों में 57.31 प्रतिशत मतदान हुआ था।

    यह क्षेत्र 1962 में विधानसभा क्षेत्र के रूप में अस्तित्व में आया। अब तक हुए 2009 के उपचुनाव सहित 16 विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने छह बार जीत हासिल की है, जबकि 10 बार विभिन्न दलों को सफलता मिली है, जिनमें जेडीयू तीन बार, जनता दल दो बार व राजद, हिंदुस्तानी समाजवादी पार्टी, जनता पार्टी, लोक दल और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रत्याशी एक-एक बार विजयी रहे हैं।