Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घर में खाली कमरे हैं? बिहार सरकार देगी 10 लाख रुपया, शुरू करें अपना होमस्टे

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 07:00 AM (IST)

    रोहतास जिले में मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है, जिससे लोग अपने घरों को होमस्टे में बदलकर पर्यटन को बढ़ावा दे सकेंगे। इस योजना के त ...और पढ़ें

    चार कमरों के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता(AI फोटो)

    चार कमरों के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता(AI फोटो)

    HighLights

    1. रोहतास में मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना शुरू।

    2. घर को होमस्टे बनाने पर 10 लाख तक सहायता।

    3. महिलाओं और युवाओं को अतिरिक्त वित्तीय लाभ मिलेगा।

    जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)।  रोहतास जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत लोग अपने घरों को पर्यटकों के ठहरने के लिए होमस्टे में बदल सकेंगे।

    इससे जहां पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और मेहमाननवाजी का अनुभव मिलेगा, वहीं ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने का भी नया रास्ता खुलेगा।

    इन पर्यटन स्थलों के आसपास रहने वालों को मिलेगा फायदा

    योजना के पहले चरण में रोहतास जिले के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों को शामिल किया गया है। इनमें शेरशाह सूरी का मकबरा, मांझर कुंड और धुआं कुंड शामिल हैं। इन स्थलों के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।

    चार कमरों के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता

    अपने घर को होमस्टे के रूप में विकसित करने वाले लाभार्थियों को सरकार की ओर से अधिकतम 10 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

    यह सहायता राशि अधिकतम चार कमरों के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

    महिलाओं और युवाओं को मिलेगा अतिरिक्त लाभ

    महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रति कमरा 25 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इस तरह पात्र लाभार्थियों को कुल 11 लाख रुपये तक की वित्तीय मदद मिल सकती है।

    इन दस्तावेजों के साथ कर सकेंगे आवेदन

    योजना का लाभ लेने के लिए आवेदकों को जमीन और मकान से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाते की जानकारी देना भी अनिवार्य होगा।

    सरकार देगी प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार में मदद

    पर्यटन विभाग होमस्टे संचालकों को प्रशिक्षण, पंजीकरण और गुणवत्ता मानकों के पालन में सहयोग देगा। साथ ही विभागीय पोर्टल के जरिए इन होमस्टे की जानकारी देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाई जाएगी।

    दुर्गावती जलाशय पर बनेगा व्यवसायिक अतिथि गृह

    रोहतास के दुर्गावती जलाशय क्षेत्र को ईको और एडवेंचर टूरिज्म के रूप में विकसित करने की तैयारी भी तेज हो गई है।

    यहां व्यवसायिक अतिथि गृह बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

    यह भी पढ़ें- बिहार के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब 12 घंटे मिलेगी सस्ती बिजली; CM सम्राट का एलान

    खबरें और भी