Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रोहतास के सूर्यपुरा में खुलेगा पहला डिग्री कॉलेज, एक जुलाई से नामांकन शुरू

    Updated: Sun, 10 May 2026 03:32 PM (IST)

    सूर्यपुरा प्रखंड में उच्च शिक्षा के लिए पहली बार डिग्री कॉलेज खुलने जा रहा है, जिसकी नामांकन प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी। ...और पढ़ें

    राजकीय डिग्री महाविद्यालय का होगा अस्थायी संचालन। (जागरण)

    राजकीय डिग्री महाविद्यालय का होगा अस्थायी संचालन। (जागरण)

    HighLights

    1. सूर्यपुरा में पहला डिग्री कॉलेज खुलने को तैयार।

    2. नामांकन प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से होगी शुरू।

    3. ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा में मिलेगी बड़ी राहत।

    संवाद सूत्र, सूर्यपुरा (रोहतास)। प्रखंड में उच्च शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए पहली बार डिग्री कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

    राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग एवं वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा की स्वीकृति के बाद सूर्यपुरा स्थित राज राजेश्वरी उच्च माध्यमिक विद्यालय के मॉडल भवन में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का अस्थायी संचालन होगा। शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन प्रक्रिया एक जुलाई 2026 से प्रारंभ की जाएगी।

    उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्य सरकार की सात निश्चय योजना के तहत स्थापित इस कॉलेज को विश्वविद्यालय से संबद्धता एवं आवश्यक मान्यता मिल चुकी है।

    फिलहाल कॉलेज का संचालन राज राजेश्वरी मॉडल स्कूल के भवन में किया जाएगा। स्थायी भवन निर्माण होने तक यहीं से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रभारी प्राचार्य की प्रतिनियुक्ति के बाद नामांकन और पठन-पाठन की तैयारी तेज कर दी गई है।

    अब तक सूर्यपुरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए सासाराम, बिक्रमगंज, डेहरी या आरा जाना पड़ता था।

    क्षेत्र में खुशी का माहौल

    आर्थिक परेशानी और दूरी के कारण कई छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बीच में ही छूट जाती थी। खासकर ग्रामीण छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा बड़ी चुनौती बनी हुई थी। ऐसे में स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज खुलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

    कॉलेज में नामांकन की जानकारी लेने के लिए छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की भीड़ पहुंचने लगी है। छात्रा पूजा कुमारी ने कहा कि अब लड़कियों को बाहर भेजने की मजबूरी नहीं होगी।

    वहीं, छात्र राहुल कुमार ने बताया कि गरीब परिवारों के विद्यार्थियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। छात्रा नेहा कुमारी ने इसे ग्रामीण युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाली पहल बताया।

    प्रभारी प्रधानाचार्य राजीव रंजन ने कहा कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार पारदर्शी तरीके से नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी।

    स्थानीय शिक्षाविदों का मानना है कि यह कॉलेज आने वाले समय में सूर्यपुरा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान देगा।

    यह भी पढ़ें- बिहार के नए डिग्री कॉलेजों में नामांकन के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन, मेरिट लिस्ट से मिलेगा प्रवेश

    खबरें और भी