कटाई का सीजन आते ही रेलवे स्टेशनों में उमड़ी भीड़, पंजाब पलायन कर रहे बिहार के मजदूर
धान कटाई के मौसम में बिहार के कोसी क्षेत्र से पंजाब जा रहे मजदूरों के कारण जनसेवा एक्सप्रेस में भारी भीड़ देखी जा रही है। सिमरीबख्तियारपुर स्टेशन पर क ...और पढ़ें

जनसेवा एक्सप्रेस पकड़ने के लिए आई भीड़। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। सिमरीबख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह जनसेवा एक्सप्रेस में भारी भीड़ के कारण कई यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सके।
कोसी क्षेत्र से पंजाब के लिए मजदूरों का पलायन तेज होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है। हालात यह है कि ट्रेन में क्षमता से कहीं अधिक यात्री यात्रा कर रहे हैं।
बताया जाता है कि इन दिनों धान कटाई के मौसम को लेकर सहरसा, सुपौल, मधेपुरा सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में मजदूर पंजाब के लिए रवाना हो रहे हैं।
पूर्णिया कोर्ट से अमृतसर के बीच चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस में प्रतिदिन क्षमता से दोगुनी भीड़ देखी जा रही है। आत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को ट्रेन के फर्श, बाथरूम के पास तथा गेट के समीप बैठकर यात्रा करनी पड़ रही है।
कई डिब्बों में स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि ट्रेन के दरवाजे भी ठीक से नहीं खुल पाते, जिससे बीच के स्टेशनों पर यात्रियों को चढ़ने में भारी परेशानी होती है। शनिवार को भी सिमरीबख्तियारपुर स्टेशन पर भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली।
2 दिन से लगातार बढ़ रही भीड़
भीड़ के कारण कई डिब्बों के गेट नहीं खुल सके, जिसके चलते कई यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो पाए और उन्हें टिकट वापस कर घर लौटना पड़ा। रामपुर निवासी गौतम यादव ने बताया कि यह उनका तीसरा दिन था, जब वह टिकट लेकर स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन ट्रेन में चढ़ नहीं सके।
उन्होंने कहा कि भीड़ इतनी अधिक थी कि अंदर बैठे यात्री गेट खोलने को तैयार नहीं थे। रामपुर निवासी राजू, सोनपुरा के संजीत राम, रामपुर के बिरजू कुमार, रामपुर निवासी इलेक्शन कुमार, सिटानाबाद निवासी छेदी सदा सहित अन्य ने बताया जनसेवा में भीड़ बहुत ज्यादा है। रेलवे जल्द से जल्द एक स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था करवाए ताकि मजदूरों को राहत हो।
खबरें और भी
जानकारी के अनुसार, सहरसा स्टेशन से प्रतिदिन हजारों मजदूर पंजाब के विभिन्न इलाकों में धान की कटाई के लिए रवाना हो रहे हैं। शाम ढलते ही गांवों और कस्बों से मजदूरों का जत्था स्टेशन पहुंचने लगता है, जिससे टिकट खिड़की पर लंबी कतारें लग जाती हैं। मजबूरी में कई यात्रियों को बिना सीट के ही यात्रा करनी पड़ रही है।