पुणे-सुपौल एक्सप्रेस और सहरसा-गया मेमू ट्रेन को मिला नया स्टॉपेज, रेलवे ने जारी किया अपडेटेड शेड्यूल
पुणे-सुपौल एक्सप्रेस को भुसावल मंडल के रावेर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव मिला है, जिससे यात्रियों को सुविधा होगी। वहीं, सहरसा-गया मेमू ट्रेन को पवय ब्रह्म ...और पढ़ें

पुणे-सुपौल एक्सप्रेस और सहरसा-गया मेमू ट्रेन को मिला नया स्टॉपेज
HighLights
पुणे-सुपौल एक्सप्रेस को रावेर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव मिला।
सहरसा-गया मेमू ट्रेन को पवय ब्रह्मस्थान हाल्ट पर मंजूरी।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह के प्रयासों से मिली स्वीकृति।
जागरण टीम, सहरसा/लखीसराय। गाड़ी संख्या 11401/11402 पुणे-सुपौल-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन का भुसावल मंडल के रावेर स्टेशन पर ठहराव (स्टॉपेज) शुरू कर दिया गया है। यह जानकारी पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर मध्य रेलवे के भुसावल मंडल के भुसावल-खंडवा रेलखंड पर स्थित रावेर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 11401/11402 पुणे-सुपौल-पुणे एक्सप्रेस का तत्काल प्रभाव से अस्थायी ठहराव प्रदान किया गया है।
गाड़ी संख्या 11401 पुणे-सुपौल एक्सप्रेस सुबह 05.22 बजे रावेर स्टेशन पहुंचेगी और 05.23 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 11402 सुपौल-पुणे एक्सप्रेस शाम 05.44 बजे रावेर स्टेशन पहुंचेगी और 05.45 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
पवय ब्रह्मस्थान हॉल्ट पर सहरसा-गया मेमू ट्रेन के ठहराव को रेलवे बोर्ड की मंजूरी
किऊल-जमालपुर रेलखंड के पवय ब्रह्मस्थान हाल्ट पर सहरसा-जमालपुर-गया मेमू ट्रेन के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है। केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री तथा मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह के प्रयासों के बाद यह निर्णय लिया गया है। रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार ने 31 जुलाई को इससे संबंधित आदेश जारी किया।
पूर्व जिला पार्षद आशुतोष कुमार एवं रेल यातायात निरीक्षक जमालपुर दिलीप कुमार ने बताया कि 63387 अप सहरसा-जमालपुर-गया तथा 63388 डाउन गया-जमालपुर-सहरसा फास्ट पैसेंजर (मेमू) का पवय ब्रह्मस्थान हाल्ट पर नया ठहराव स्वीकृत किया गया है। हालांकि, इस ठहराव की शुरुआत किस तिथि से होगी, इसकी घोषणा अभी नहीं की गई है।
पवय एवं आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से इस हाल्ट पर ट्रेन ठहराव की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में सांसद ललन सिंह को ज्ञापन सौंपा था। रेलवे बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। इससे यात्रियों को गया, जमालपुर और सहरसा की ओर आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।