आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन में गूंजी किलकारी, RPF की मदद से सहरसा में जनमी बच्ची; जुड़ा 'क्यूट बेबी' अध्याय
सहरसा में आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला को प्रसव पीड़ा हुई। रेल सुरक्षा बल (RPF) की त्वरित मदद से महिला ने सदर अस् ...और पढ़ें

आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन में गूंजी किलकारी, RPF की मदद से सहरसा में जनमी बच्ची, जच्चा-बच्चा सुरक्षित
HighLights
सहरसा में ट्रेन में महिला को हुई प्रसव पीड़ा।
रेल सुरक्षा बल (RPF) ने की त्वरित मानवीय सहायता।
सदर अस्पताल में हुआ सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा सुरक्षित।
संवाद सूत्र, सहरसा। पूर्व मध्य रेल के सहरसा रेल खंड में ट्रेन में सफर कर रही एक महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान रेल सुरक्षा बल (RPF) के प्रयास से सुरक्षित प्रसव कराया गया। 'ऑपरेशन मातृशक्ति' के तहत रेल सुरक्षा बल द्वारा किए गए इस सराहनीय व नेक कार्य की सर्वत्र सराहना की जा रही है। ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदना की इस पहल को अन्य रेल यात्रियों ने बेहद प्रेरक और स्वागत योग्य कदम बताया है।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर को मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, 29 जून की रात करीब 10 बजे धनबाद मंडल में तैनात आरपीएफ आरक्षी रजनीश कुमार ने सहरसा पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार यादव को सूचना दी। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन के कोच एम-5 की सीट नंबर 2 पर उनकी परिजन यात्रा कर रही हैं। उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई है, जिसके कारण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना बेहद आवश्यक है।
प्लेटफॉर्म पर मुस्तैद रही रेलवे की टीम
सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार ने ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर और मंडल रेलवे चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार को अवगत कराते हुए एम्बुलेंस की मांग की। इसके बाद आरपीएफ की टीम, जिसमें महिला आरक्षी खुशबू कुमारी, प्रधान आरक्षी फूल कांत मिश्र एवं उप निरीक्षक संतोष कुमार सुमन शामिल थे, ट्रेन को अटेंड करने के लिए सहरसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर मुस्तैद हो गए।
सदर अस्पताल में हुआ सुरक्षित प्रसव
रात करीब 10.38 बजे जैसे ही ट्रेन सहरसा पहुंची, आरपीएफ टीम ने महिला यात्री को सुरक्षित उतारकर बैटरी रिक्शा की मदद से एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें तुरंत सदर अस्पताल सहरसा भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में रात करीब 10.45 बजे महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ और उन्होंने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। इस त्वरित मदद से जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
खबरें और भी
परिजनों ने रेल प्रशासन का जताया आभार
इसके बाद 30 जून की सुबह स्वस्थ जच्चा-बच्चा अपने परिजनों के साथ वापस सहरसा स्टेशन पहुंचे और पूर्णिया जाने के लिए जानकी एक्सप्रेस (15284) में सवार हुए। महिला और उनके परिजनों ने इस अमूल्य और समय पर मिले सहयोग के लिए रेलवे सुरक्षा बल, रेल चिकित्सक एवं रेल प्रशासन का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि रेलवे का यह मानवीय चेहरा हमारे लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।