सहरसा में शराब छापामारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला, 2 दरोगा समेत 3 पुलिसकर्मी घायल; 2 गिरफ्तार
सहरसा के कबैला चक गांव में अवैध शराब की सूचना पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने दो आरोपियो ...और पढ़ें
-1785076429964_m.webp)
एआई जनरेटेड इमेज
HighLights
सहरसा में शराब छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला।
हमले में दो दरोगा और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, अन्य फरार।
संवाद सूत्र, सौर बाजार (सहरसा)। थाना क्षेत्र के कबैला चक गांव में शनिवार देर संध्या शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में तीन पुलिस पदाधिकारी समेत एक सिपाही घायल हो गए। मामले में सौरबाजार थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कबैला चक निवासी स्व. नागो शर्मा उर्फ नागेश्वर शर्मा के पुत्र जवाहर शर्मा अपने घर में अवैध रूप से देसी शराब बनाकर बेचता है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची, तो पुलिस वाहन देखकर जवाहर शर्मा हाथ में प्लास्टिक का डिब्बा लेकर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। डिब्बे की जांच करने पर उसमें देसी शराब होने की बात सामने आई। इसके बाद घर की तलाशी के दौरान जवाहर शर्मा के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि लाठी-डंडे से हमला कर वाहन चालक सिपाही आलोक कुमार का सिर फोड़ दिया गया।
वहीं, छापेमारी दल में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक ज्योति कुमारी और पवन कुमार भी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज कराया गया। पुलिस ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि हंगामे के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर जवाहर शर्मा के परिजन बरामद देसी शराब से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने जवाहर शर्मा और उसके एक नाबालिग पुत्र को हिरासत में लिया। जवाहर शर्मा को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसकी पत्नी और पुत्री की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।