Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सहरसा में 'शोले' स्टाइल प्रोटेस्ट पड़ा भारी, हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पूर्व मुखिया और वकील पर FIR दर्ज

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 02:19 PM (IST)

    मेनहा गांव में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर पूर्व मुखिया संजीव कुमार राय और अधिवक्ता अमरेन्द्र यादव मोबाइल टावर पर चढ़ गए। छह घंटे के हाईवोल्टेज ड्राम ...और पढ़ें

    सहरसा में डिग्री कॉलेज की मांग पर टावर पर चढ़े पूर्व मुखिया और अधिवक्ता पर केस दर्ज

    सहरसा में डिग्री कॉलेज की मांग पर टावर पर चढ़े पूर्व मुखिया और अधिवक्ता पर केस दर्ज

    HighLights

    1. डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर टावर पर चढ़े।

    2. पूर्व मुखिया और अधिवक्ता ने छह घंटे प्रदर्शन किया।

    3. प्रशासन के आश्वासन पर नीचे उतरे, FIR दर्ज हुई।

    संवाद सूत्र, सत्तरकटैया (सहरसा)। मेनहा गांव में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन करना पूर्व मुखिया संजीव कुमार राय एवं अधिवक्ता अमरेन्द्र यादव को महंगा पड़ गया। इस मामले में बिहरा थाना में दोनों आंदोलनकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    जानकारी के अनुसार, मेनहा गांव में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर 10 जुलाई से खादीपुर स्थित सामुदायिक चबूतरा पर ग्रामीण धरना दे रहे थे।

    इसी क्रम में बुधवार को पूर्व मुखिया संजीव कुमार राय एवं अधिवक्ता अमरेन्द्र यादव अचानक खादीपुर स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गए।

    उन्होंने घोषणा की कि जब तक मेनहा में डिग्री कॉलेज की स्थापना के संबंध में प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे टावर से नीचे नहीं उतरेंगे।

    दोनों के टावर पर चढ़ते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

    जिला शिक्षा पदाधिकारी रोहित रोशन, सदर इंस्पेक्टर शशि कुमार राणा, अंचलाधिकारी शिखा सिंह, बीडीओ शारिक अहमद, बिहरा थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार, एसआई ज्योति कुमारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों आंदोलनकारियों एवं ग्रामीणों से लगातार वार्ता की।

    करीब छह घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन सकारात्मक पहल का आश्वासन पर दोनों सुरक्षित टावर से नीचे उतर आए।

    घटना के बाद पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में दोनों आंदोलनकारियों के विरुद्ध बिहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    यह भी पढ़ें- सहरसा में 'शोले' स्टाइल प्रोटेस्ट: टावर पर चढ़े पूर्व मुखिया और वकील, 6 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा