Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सहरसा के रानी बाग में कछुआ गति से बन रहा ROB, कब मिलेगी जाम से मुक्ति? लोगों ने की गुहार- DM सर प्लीज जल्दी बनवा दें

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 04:23 PM (IST)

    सहरसा के रानी बाग में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण धीमी गति से होने के कारण NH-107 पर भीषण जाम लगता है। इससे एंबुलेंस और स्कूली बसें भी फंसती हैं, लोग जि ...और पढ़ें

    सहरसा के रानी बाग में ओवरब्रिज का काम कछुआ गति से जारी, रोजाना घंटों भीषण जाम में फंस रहे लोग

    सहरसा के रानी बाग में ओवरब्रिज का काम कछुआ गति से जारी, रोजाना घंटों भीषण जाम में फंस रहे लोग

    HighLights

    1. रानी बाग में ROB निर्माण की गति अत्यंत धीमी।

    2. NH-107 पर रोजाना घंटों भीषण जाम की समस्या।

    3. जिलाधिकारी से निर्माण में तेजी लाने की पुरजोर मांग।

    संवाद सूत्र, सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। सोनवर्षा राज-सिमरी बख्तियारपुर एनएच-107 पर स्थित रानी बाग इलाके में जाम की समस्या दिन-प्रतिदिन नासूर बनती जा रही है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना घंटों रेंगना पड़ रहा है। खासकर रानी बाग स्थित रेलवे समपार फाटक बंद होते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों का सैलाब उमड़ पड़ता है।

    एंबुलेंस और स्कूली बसें भी फंस रहीं रोज

    स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेलवे फाटक गिरते ही हाईवे पर ट्रकों, बसों, ऑटो और बाइकों की किलोमीटर लंबी कतारें लग जाती हैं। इस महाजाम के कारण स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों, ड्यूटी पर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और गंभीर मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थिति इतनी भयावह है कि कई बार जीवन-मौत से जूझ रहे मरीजों की एंबुलेंस भी घंटों फंसी रहती है।

    शायद ही कोई दिन गुजरता हो जो जाम न लगे

    ग्रामीणों का कहना है कि शायद ही कोई ऐसा दिन बीतता हो, जब रानी बाग में लोगों को इस नारकीय स्थिति का सामना न करना पड़े। हर दिन लोगों को एक से दो घंटे तक चिलचिलाती धूप और धूल के बीच फंसे रहना पड़ता है। इस मुख्य मार्ग के जाम होने से इसका सीधा असर आसपास की संपर्क सड़कों पर भी पड़ता है, जिससे पूरे क्षेत्र का ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह ठप हो जाता है।

    रेल ओवरब्रिज के धीमी निर्माण ने तोड़ी उम्मीदें

    रानी बाग-सिमरी सड़क मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय जनता को उम्मीद थी कि इस पुल के बनते ही उन्हें वर्षों पुरानी इस समस्या से हमेशा के लिए परमानेंट मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन निर्माण कार्य की कछुआ गति ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। जिस रफ्तार से काम हो रहा है, उसे देखकर इस साल भी पुल पूरा होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।

    खबरें और भी

    जिलाधिकारी से काम में तेजी लाने की गुहार

    हालांकि, जिला पदाधिकारी (DM) द्वारा इस ओवरब्रिज के निर्माण की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, लेकिन धरातल पर काम की रफ्तार बेहद सुस्त है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से ओवरब्रिज के काम में तेजी लाने की पुरजोर मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक पुल नहीं बनता, तब तक ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाए।