Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सहरसा में गाड़ी विवाद से हिंसा, पत्थर और गिट्टी से दहलान चौक दहला, पुलिस के सामने भी हिंसक टकराव

    Updated: Sun, 31 May 2026 11:09 PM (GMT+05:30)

    सहरसा के दहलान चौक पर वाहन लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित ...और पढ़ें

    सहरसा: वाहन विवाद ने दिया मारपीट का रूप, पुलिस को मौके पर काबू पाना पड़ा

    सहरसा: वाहन विवाद ने दिया मारपीट का रूप, पुलिस को मौके पर काबू पाना पड़ा

    HighLights

    1. दहलान चौक पर वाहन लगाने को लेकर विवाद

    2. विवाद ने हिंसक झड़प और पत्थरबाजी का रूप लिया

    3. पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर जांच शुरू की

    जागरण संवाददाता, सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के दहलान चौक पर रविवार की शाम वाहन लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और हंगामे से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

    दुकान के पास वाहन लगाने पर शुरू हुआ विवाद

    जानकारी के अनुसार, कुछ युवक दहलान चौक स्थित सोनू-मोनू सिंघाड़ा दुकान के समीप वाहन लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन खड़ा करने को लेकर दुकान संचालक और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामला सामान्य विवाद तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के युवकों ने अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

    दोनों पक्षों में जमकर हुआ हंगामा

    मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर आसपास के दुकानदार भी एकजुट हो गए। इसके बाद दोनों ओर से जमकर हंगामा हुआ।

    इस दौरान गिट्टी और पत्थर भी चलने लगे, जिससे बाजार क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हंगामे के कारण कुछ समय के लिए दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल बना रहा। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

    सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

    घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी के बाद माहौल सामान्य हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक वाहन भी बरामद किया है। बरामद वाहन को थाना लाकर जांच शुरू कर दी गई है।

    खबरें और भी

    सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

    सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान ने बताया कि वाहन लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

    उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक वाहन बरामद किया गया है। वाहन के नंबर के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    थानाध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।