सहरसा में श्रावणी मेले को लेकर बाबा मटेश्वर धाम में तैयारियां तेज, डाक बम को मिलेगी विशेष सुविधा
श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर बाबा मटेश्वर धाम में न्यास समिति की पहली बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर चर्चा की गई ...और पढ़ें

सहरसा में श्रावणी मेले को लेकर बाबा मटेश्वर धाम में तैयारियां तेज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। आगामी श्रावणी मेले को लेकर बाबा मटेश्वर धाम मंदिर परिसर में रविवार को न्यास समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) सह न्यास समिति के अध्यक्ष आलोक राय ने की।
बैठक में श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर एवं आसपास के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि पूरे मेले की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
इसके अलावा मंदिर परिसर और कांवड़िया पथ पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय, वाहन पार्किंग तथा डाक बम श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए कांवड़िया पथ पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा दर्शिनिया चौक से चपरांव तक सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने पर भी चर्चा हुई।
एसडीएम ने कहा कि इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कांवड़िया पथ से लेकर मंदिर परिसर तक दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिले से अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक के उपरांत एसडीएम ने बाबा मटेश्वर धाम मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। बैठक में न्यास समिति के उपाध्यक्ष मुन्ना भगत ने कहा कि मंदिर परिसर में होने वाले विवाहों में ऐसे वधू पक्ष, जिनके माता-पिता नहीं हैं, उनकी शादी नि:शुल्क कराई जानी चाहिए। उनके इस प्रस्ताव की बैठक में उपस्थित लोगों ने सराहना की।
खबरें और भी
बैठक में न्यास समिति के सचिव संतोष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कृष्णा कन्हैया खेतान, सदस्य सह मुखिया संजीव जायसवाल चौधरी, कृष्ण कन्हैया, फुलेश्वर रजक, प्रमुख शबनम कुमारी, मुखिया शैलेन्द्र सिंह, पंचायत समिति सदस्य परितोष सिंह, राजवीर सिंह, गुंजन सिंह, धर्मवीर सिंह, सौरव कुमार सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।