वैशाली एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए खुशखबरी, अब 24 कोच के साथ दौड़ेगी ट्रेन; कंफर्म टिकट की राह आसान!
रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए वैशाली एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है।

वैशाली एक्सप्रेस में अब 24 कोच, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
HighLights
वैशाली एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ और प्रतीक्षा सूची को देखते हुए।
इससे सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी, कंफर्म टिकट मिलने की संभावना।
संवाद सूत्र, नवहट्टा (सहरसा)। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे ने वैशाली एक्सप्रेस (Vaishali Express) में कोच बढ़ाने की तैयारी की है। वैशाली एक्सप्रेस में अब 22 की बजाय 24 कोच किए जाने की योजना है। दो अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़े जाने की तैयारी है।
समस्तीपुर मंडल के डीआरयूसीसी सदस्य शिवशंकर झा संजय ने बताया कि कोच बढ़ने से ट्रेन में यात्रियों के लिए अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। इससे प्रतीक्षा सूची कम होने और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
रेलवे के इस निर्णय से नियमित यात्रियों के साथ ही त्योहार और छुट्टियों के दौरान सफर करने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
15566 नई दिल्ली से ललितग्राम, 15565 ललितग्राम से नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस सहरसा और सुपौल के साथ ही बिहार के विभिन्न शहरों को दिल्ली समेत देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों में शामिल है। इसमें सामान्य दिनों में भी यात्रियों की भारी भीड़ रहती है।
यात्रियों को मिलेगी राहत
वहीं, दीपावली, छठ, होली और गर्मी की छुट्टियों जैसे अवसरों पर यात्री संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में टिकट की मांग बढ़ने से प्रतीक्षा सूची लंबी हो जाती है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दो अतिरिक्त कोच जुड़ने से यात्री क्षमता में वृद्धि होगी।
रेलवे की इस पहल से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता भी बेहतर होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- सहरसा-जमालपुर-गया मेमू ट्रेन को मिला नया स्टॉपेज, रेलवे के फैसले से यात्रियों को मिली राहत
