Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दलसिंहसराय में पेट्रोल पंप कर्मी का मिला शव, चेहरे पर नाखून व जख्म के निशान से हत्या की आशंका

    Updated: Thu, 28 May 2026 12:34 PM (GMT+05:30)

    Samastipur Crime: समस्तीपुर के दलसिंहसराय में एक पेट्रोल पंप कर्मी अजीत कुमार का शव सड़क किनारे मिला है। परिजनों ने चेहरे पर मिले जख्मों और गायब डिक्क ...और पढ़ें

    मृतक की फाइल फोटो और शव मिलने के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल। फोटो. जागरण

     मृतक की फाइल फोटो और शव मिलने के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल। फोटो. जागरण 

    HighLights

    1. दलसिंहसराय में पेट्रोल पंप कर्मी का शव मिला।

    2. मृतक के चेहरे पर जख्म, हत्या की आशंका।

    3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी।

    संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय (समस्तीपुर)। Samastipur Crime: जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक पेट्रोल पंप कर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

    मृतक की पहचान केवटा पंचायत के कागपुर वार्ड संख्या 15 निवासी अजीत कुमार (27) के रूप में हुई है। वह स्थानीय विजयंत एंड सन्स पेट्रोल पंप पर नोजल मैन के रूप में कार्यरत था। स्वजन ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।

    सड़क किनारे मिला शव

    जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार बुधवार रात करीब 9:55 बजे पेट्रोल पंप से बाइक लेकर घर के लिए निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा।

    स्वजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर चौर की ओर जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे उसका शव पड़ा मिला।

    घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ किशन कुमार, डीएसपी विवेक कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

    चेहरे पर मिले जख्म के निशान

    स्वजन और ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के चेहरे पर नाखून और जख्म के निशान पाए गए हैं। वहीं उसकी बाइक की डिक्की भी गायब बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि अजीत की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।

    ग्रामीणों के अनुसार, अजीत पांच भाइयों में सबसे छोटा था, लेकिन पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसका एक वर्ष का बेटा सत्यम है। घटना के बाद पत्नी कुमकुम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

    खबरें और भी

    सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

    डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे एक घर के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    दो दिन पहले भी मिला था शव

    बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व भी थाना क्षेत्र के कामरांव पंचायत में एक मजदूर का शव खेत से बरामद हुआ था। उस मामले में भी स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव के दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।