दीपावली की रात समस्तीपुर में धधकी आग: जिला परिषद ऑफिस में फाइलों का बंडल राख, खान मार्केट में भी लाखों का नुकसान
दीपावली की रात समस्तीपुर के जिला परिषद कार्यालय में अचानक आग लग गई, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। अग्निशमन ...और पढ़ें

समस्तीपुर जिला परिषद कार्यालय और खान मार्केट में आग। फोटो जागरण
HighLights
दीपावली की रात जिला परिषद कार्यालय में लगी आग।
अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू।
आग से फाइलों का एक बंडल जलकर हुआ राख।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। दीपावली की रात जिला परिषद कार्यालय में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रविवार की रात कार्यालय परिसर से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दस्ते की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। इस दौरान कार्यालय में रखे फाइलों का एक बंडल जलकर राख हो गया।
अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कार्यालय परिसर में आग लगने की घटना से आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई।
आग लगने की सूचना मिलने पर जिला परिषद उपाध्यक्ष ठाकुर उदय शंकर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि, आग किस कारण से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है।
दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी या शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, आग से फाइलों के बंडल के अलावा कार्यालय में रखे अन्य सामान और अभिलेखों को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद कार्यालय में आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अग्निशमन दस्ते की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई।
खान मार्केट में कपड़े की दुकान में आग
दूसरी घटना शहर के मारवाड़ी बाजार स्थित खान मार्केट में भी एक कपड़े की दुकान में भी भीषण अगलगी की घटना हुई है। यहां पर आग विकराल रूप ले चुकी है। अग्निशमन दस्ता की टीम आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।