समस्तीपुर में एक सेल्फी की कीमत मौत, विद्यापतिधाम स्टेशन पर दर्दनाक हादसा
समस्तीपुर के विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन पर सावन की पहली सोमवारी को मालगाड़ी पर सेल्फी लेते समय एक युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके ...और पढ़ें
-1785753570321_m.webp)
युवक की फाइल फोटो व घटना स्थल पर जुटी भीड़
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । सावन मास की पहली सोमवारी पर बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक व दर्शन कर लौट रहे एक युवक की जरा-सी लापरवाही जानलेवा साबित हुई।
पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड स्थित विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर मालगाड़ी पर चढ़कर सेल्फी लेने के दौरान युवक हाईटेंशन ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जलाभिषेक के बाद पहुंचा था रेलवे स्टेशन
मृतक की पहचान विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई पंचायत के वार्ड 1 निवासी अशर्फी महतो के पुत्र राम कृपाल महतो ( 44 ) के रूप में हुई।
स्वजनों ने बताया कि वह पत्नी के साथ पहली सोमवारी पर उगना महादेव मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन करने आए थे। उनके दर्शन के बाद पत्नी मंदिर में पूजा-अर्चना में व्यस्त थीं, जबकि राम कृपाल जलाभिषेक के बाद रेलवे स्टेशन की ओर चले गए।
मालगाड़ी पर चढ़ते ही हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्लेटफार्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़कर राम कृपाल सेल्फी लेने लगे। तभी सिर के ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। तेज धमाके के साथ उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तेज धमाके से मच गई अफरा-तफरी
हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पहली सोमवारी के कारण स्टेशन और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। धमाके की आवाज सुनते ही लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
खबरें और भी
पूजा कर रही पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के समय मृतक की पत्नी मंदिर में पूजा कर रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही वह स्टेशन पहुंचीं। पति का शव देखते ही वह फूट-फूटकर रोने लगीं। परिजनों के विलाप से स्टेशन परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर बछवाड़ा जीआरपी और विद्यापतिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।