समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना परिसर में दारोगा का शव फंदे से लटका मिला, नई जगह योगदान देने से पहले मौत
समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना परिसर में एक दारोगा बबलू प्रसाद का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस ...और पढ़ें

बबलू प्रसाद। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Police: जिले के मोहिउद्दीननगर थाना परिसर में शनिवार सुबह एक सहायक अवर निरीक्षक (दारोगा) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण के बगहा निवासी और डायल 112 में तैनात दारोगा बबलू प्रसाद के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पटोरी एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
शनिवार को नए थाने में देना था योगदान
पुलिस के अनुसार बबलू प्रसाद का तबादला मोहिउद्दीननगर थाना से कल्याणपुर थाना किया गया था। शुक्रवार को उन्हें स्थानांतरण की जानकारी मिली थी और शनिवार को उन्हें नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना था। इससे पहले ही शुक्रवार रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
तीसरी मंजिल के खाली कमरे में मिला शव
शनिवार सुबह काफी देर तक दारोगा के नहीं दिखने पर साथी पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। तलाश के दौरान थाना परिसर की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में अफरातफरी मच गई और अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
खबरें और भी
हर पहलू से की जा रही जांच
दारोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पुलिस विभाग को झकझोर दिया है। पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।