Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    समस्तीपुर में हाइवा ने स्कूटी को मारी टक्कर: गंगा स्नान के लिए निकले अमीन की मौत, मां की हालत नाजुक

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 10:30 AM (IST)

    दलसिंहसराय में भीषण सड़क हादसे में मुजफ्फरपुर के अमीन मनीष कुमार की मौत हो गई, जबकि गंगा स्नान जा रही उनकी मां गंभीर रूप से घायल हैं। ...और पढ़ें

    दलसिंहसराय में घटनास्थल पर लोगों की भीड़

    दलसिंहसराय में घटनास्थल पर लोगों की भीड़

    HighLights

    1. दलसिंहसराय में अमीन मनीष कुमार की सड़क हादसे में मौत।

    2. गंगा स्नान जा रही मां चंदा देवी गंभीर रूप से घायल।

    3. आक्रोशित लोगों ने एनएच-28 जाम किया, सहायता के बाद जाम खुला।

    संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय। एनएच-28 पर थाना क्षेत्र के बसढ़िया डैनी चौक के समीप शुक्रवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुजफ्फरपुर के कांटी अंचल में कार्यरत अमीन मनीष कुमार (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां चंदा देवी (55) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

    उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर पूर्वी पंचायत के जनकपुर वार्ड 9 निवासी उपेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र मनीष कुमार है।

    परिजनों के अनुसार मनीष शुक्रवार सुबह अपनी मां को स्कूटी से गंगा स्नान कराने ले जा रहे थे। इसी दौरान बसढ़िया के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने सड़क पर गिरे मनीष कुमार को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    Amin

    (मनीष कुमार, अंचल अमीन की फाइल फोटो)

    हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के चक्के में शव बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। वहीं गंभीर रूप से घायल चंदा देवी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।

    खबरें और भी

    प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। स्वजन उन्हें बेगूसराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच-28 को जाम कर दिया।

    Samastipur News

    (दुर्घटनाग्रस्त वाहन)

    स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच वार्ता के बाद तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो सका। स्वजन ने बताया कि मनीष कुमार की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी। उनकी दो वर्ष की एक पुत्री तृषा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया।

    घटना की सूचना मिलते ही गांव और अस्पताल में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। दलसिंहसराय थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

    सड़क हादसे में सब्जी व्यवसायी की भी मौत

    दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गुरुवार देर रात बैगन चौक के पास हुई। बसढ़िया वार्ड 8 निवासी अशोक भगत के पुत्र चंदन कुमार (31) की बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

    स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। चंदन बाजार समिति सब्जी मंडी में सब्जी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह उनके घर में मातम पसरा रहा।

    लगातार दो सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने एनएच-28 पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

    यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर पुलिस का सख्त कदम: नीट प्रदर्शन में तोड़फोड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई, पहचान के लिए ₹10000 का इनाम