उत्तर बिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट; 5-6 सितंबर को झमाझम बरसेंगे बदरा, किसानों के लिए चेतावनी जारी
उत्तर बिहार में अगले चार दिनों तक मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे, जिसके साथ बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना है।

उत्तर बिहार में अगले चार दिनों तक भारी बारिश और बिजली चमकने की संभावना (AI Generated Image)
HighLights
उत्तर बिहार में अगले चार दिनों तक मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे।
बिजली चमकने, तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।
धान की सिंचाई रोकें, कीट नियंत्रण में सावधानी बरतें किसान।
संवाद सहयोगी, पूसा। उत्तर बिहार के जिलों में अगले चार दिनों में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे। साथ में बिजली चमकने एवं तेज हवा के साथ वर्षा भी होगी।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी का बताना है कि पूर्वानुमान अवधि में उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में 5 से 6 सितंबर में घने बादल बिजली एवं तेज हवा के साथ सिवान, समस्तीपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण के जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।
कैसा रहेगा तापमान?
कई स्थानों पर भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
मौसम विभाग के द्वारा शुक्रवार का अधिकतम तापमान 31 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 24.8 रिकॉर्ड किया गया है। इस दौरान 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरबा हवा चलेगी।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि वर्षा की संभावना को देखते हुए धन की फसल में सिंचाई फिलहाल स्थगित कर दें एवं कीटों के नियंत्रण के लिए रसायनों का प्रयोग सावधानी पूर्वक करें। मौसम साफ रहने पर ही फसल पर छिड़काव करें।
