Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    समस्तीपुर के 10700 एकड़ खेतों में ड्रोन से होगा छिड़काव, किसानों को मिलेगी 50% की सब्सिडी

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

    समस्तीपुर में किसानों को कृषि ड्रोन से कीटनाशी और तरल उर्वरक के छिड़काव पर 50% अनुदान मिलेगा, जिससे कम समय में फसलों की सुरक्षा हो सकेगी। ...और पढ़ें

    समस्तीपुर के 10700 एकड़ खेतों में ड्रोन से होगा छिड़काव (AI Generated Image)

    समस्तीपुर के 10700 एकड़ खेतों में ड्रोन से होगा छिड़काव (AI Generated Image)

    HighLights

    1. समस्तीपुर में कृषि ड्रोन से छिड़काव पर 50% अनुदान।

    2. 10,700 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से छिड़काव का लक्ष्य निर्धारित।

    3. पंजीकृत किसान 15 एकड़ तक ले सकेंगे योजना का लाभ।

    जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को कम समय में सुरक्षित तरीके से फसलों की सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत कृषि ड्रोन से कीटनाशी एवं तरल उर्वरक के छिड़काव की योजना शुरू की है।

    समस्तीपुर जिले में 10,700 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से छिड़काव का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले के सभी 20 प्रखंडों के लिए 535-535 एकड़ का उप-आवंटन किया गया है। योजना के तहत किसानों को ड्रोन से प्रति एकड़ छिड़काव कराने पर 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।

    ड्रोन से छिड़काव की निविदा दर 419 रुपये प्रति एकड़ निर्धारित की गई है, जिसमें सरकार अधिकतम 209 रुपये प्रति एकड़ का अनुदान देगी। कृषि विभाग ने डीबीटी पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि सेवा प्रदाता एजेंसी के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

    ड्रोन तकनीक से जहां पारंपरिक तरीके से एक एकड़ में दो से ढाई घंटे लगने वाला छिड़काव मात्र छह से सात मिनट में पूरा हो जाएगा, वहीं किसानों की लागत और समय दोनों की बचत होगी।

    योजना का लाभ रैयत और गैर-रैयत दोनों प्रकार के किसानों को मिलेगा। रैयत किसानों को आवेदन के साथ भूमि की रसीद देनी होगी, जबकि गैर-रैयत किसानों को स्व-घोषणा पत्र तथा पड़ोसी दो किसानों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र संलग्न करना होगा।

    किसानों को दो बार छिड़काव पर मिलेगा अनुदान:

    खरीफ, रबी और गरमा तीनों मौसम में एक किसान अधिकतम 15 एकड़ तक अनुदानित दर पर ड्रोन से छिड़काव करा सकेगा। प्रत्येक मौसम में अधिकतम दो बार छिड़काव पर अनुदान मिलेगा।

    इसके अलावा जैविक कीटनाशी, रासायनिक कीटनाशी अथवा तरल उर्वरक की खरीद पर भी 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 200 रुपये प्रति एकड़ प्रति रसायन प्रति छिड़काव का अनुदान दिया जाएगा।

    निबंधित किसानों को मिलेगा योजना का लाभ:

    योजना के तहत तिलहन, दलहन, धान, गेहूं, मक्का, आलू सहित अन्य खाद्यान्न फसलों में कीट प्रबंधन के लिए ड्रोन से कीटनाशी एवं तरल उर्वरक का छिड़काव कराया जा सकेगा। हालांकि, इसका लाभ केवल कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर निबंधित किसानों को ही मिलेगा।

    खबरें और भी

    कृषि ड्रोन से फसलों पर कीटनाशी एवं तरल उर्वरक का छिड़काव योजना शुरू की गई है। जिले में कुल 10 हजार 700 एकड़ में छिड़काव का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ड्रोन से छिड़काव करने से कम समय एवं पूंजी में फसलों की उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है। कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर निबंधित किसान ही योजना के पात्र होंगे। एक किसान को अधिकतम 15 एकड़ में अनुदानित दर पर छिड़काव की सुविधा मिलेगी। - राजीव कुमार रजक, सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण), कृषि विभाग, समस्तीपुर