Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    समस्तीपुर में होम्योपैथिक डॉक्टर की गला रेतकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 07:30 PM (IST)

    समस्तीपुर के बंगरा थाना क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्सक शंभू प्रसाद सिंह की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव बुधवार सुबह घर से 500 मीटर दूर सड़क किन ...और पढ़ें

    घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

    घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

    HighLights

    1. होम्योपैथिक चिकित्सक शंभू प्रसाद सिंह की गला रेतकर हत्या।

    2. शव घर से 500 मीटर दूर सड़क किनारे मिला।

    3. पुलिस ने चाकू बरामद कर जांच शुरू की।

    संवाद सहयोगी, ताजपुर (समस्तीपुर) । बंगरा थाना क्षेत्र के मुरादपुर बंगरा पंचायत अंतर्गत बच गांव वार्ड 10 में एक होम्योपैथिक चिकित्सक की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

    सुबह उनका शव घर से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बच गांव निवासी शंभू प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। वह बंगरा चौक के समीप होम्योपैथिक क्लीनिक चलाते थे।

    बताया गया कि शंभू मंगलवार की रात रोज की तरह क्लीनिक बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

    बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे उनका शव देखा और इसकी सूचना पुलिस व स्वजन को दी। सूचना मिलते ही बंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के दूसरी ओर गड्ढे में मृतक की साइकिल पड़ी मिली।

    जबकि, मोबाइल फोन भी वहीं बरामद हुआ। प्रारंभिक छानबीन के अनुसार शंका है कि बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या की और शव को सड़क किनारे फेंक दिया।

    इधर, घटना की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाया है। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

    हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। स्वजन भी कुछ स्पष्ट कारण बयां नहीं कर रहे।

    परिवार में कोहराम, स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल

    चिकित्सक के घर नहीं लौटने पर स्वजन रात से उनकी खोजबीन में जुटे थे। घर की महिलाएं उनकी वापसी की आस लगाए रातभर बैठी रही। जबकि, अन्य सदस्य और ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे थे।

    लेकिन, कही कुछ पता नहीं चल सका। सुबह हत्या की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में मातम का माहौल बन गया।

    घटनास्थल से चाकू भी बरामद

    पुलिस ने घटनास्थल से एक खून से सनी चाकू भी बरामद की है। इससे आशंका है कि उन्हें निशाना बनाकर उनकी हत्या की गई है। भाई संजय ने बताया कि वह 20 वर्षों से बंगरा के मुरादपुर चौक पर दवा की दुकान चलाते थे।

    प्रत्येक दिन की तरह ही वे अपनी दुकान बंद कर लौट रहे थे। उनकी साइकिल और मोबाइल भी घटनास्थल पर ही थी। इससे यह स्पष्ट हो रहा कि उनकी हत्या उन्हें निशाना बनाकर की गई है।

    गला रेतकर हत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल और साइकिल भी मिला है। एफएसएल टीम ने भी छानबीन की है। शव को पोस्टमार्टम में भेज छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
    - संजय कुमार पाण्डेय, एएसपी सह एसडीपीओ, सदर वन

    खबरें और भी