समस्तीपुर में वज्रपात से मां और बेटे की मौत, बैंगन तोड़ने के दौरान गिरी आकाशीय बिजली
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में वज्रपात से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। वे खेत में बैंगन तोड़ने गए थे, तभी आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा ...और पढ़ें

वज्रपात की चपेट में आने से मां बेटे की मौत के बाद विलाप करते स्वजन। फोटो: जागरण
HighLights
कल्याणपुर में वज्रपात से मां-बेटे की मौके पर मौत।
खेत में बैंगन तोड़ते समय गिरी आकाशीय बिजली।
एक बेटा झुलसा, निजी क्लीनिक में चल रहा इलाज।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Lightning Strike: जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया।
चौर में बैंगन तोड़ने गई मां और उसके बेटे की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा बेटा झुलस गया, जिसका निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टांड़ा पंचायत के हरिहरपुर वार्ड संख्या दो निवासी रवींद्र सहनी की पत्नी सविता देवी अपने दो पुत्रों अभिषेक कुमार और प्रिंस कुमार के साथ चौर स्थित खेत में बैंगन तोड़ने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया।
दोपहर करीब दो बजे तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उस समय सविता देवी और उनका पुत्र अभिषेक कुमार एक साथ खड़े थे। वज्रपात की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के समय कुछ दूरी पर खड़ा प्रिंस कुमार भी वज्रपात की चपेट में आकर आंशिक रूप से झुलस गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।