समस्तीपुर में शौच के लिए निकली नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, 2 आरोपी गिरफ्तार
समस्तीपुर के मथुरापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)
HighLights
मथुरापुर में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
पीड़िता का समस्तीपुर सदर अस्पताल में इलाज जारी।
संवाद सहयोगी, वारिसनगर। मथुरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पीड़िता का इलाज सदर अस्पताल समस्तीपुर में चल रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब आठ बजे किशोरी शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। काफी देर तक नाबालिग के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले।
इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल
खोजबीन के दौरान वह दर्द से कराहती हुई मिली। इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़िता के पिता के आवेदन पर मथुरापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शेखोपुर पंचायत के मन्नीपुर गांव निवासी अनिल पासवान के पुत्र राजन कुमार तथा कुलदीप पासवान के पुत्र फेकू पासवान के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कपड़ा भी बरामद कर लिया है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- आंख फोड़ी, गाल को कुचला और हाथ को जलाया; बेगूसराय में शराब तस्करों ने बेरहमी से की युवक की हत्या
यह भी पढ़ें- भाई ने केरोसिन बेचकर पढ़ाया, अब नोटों की गड्डी पर सो रहे थे पटना के इंजीनियर; संघर्ष से काले कारनामे तक का सफर