समस्तीपुर में बाइक और स्कॉर्पियो की टक्कर, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
समस्तीपुर के विभूतिपुर में सिंघियाघाट-हरिचक पथ पर बाइक और स्कॉर्पियो की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के ब ...और पढ़ें

सड़क हादसे में युवक की मौत।
HighLights
विभूतिपुर में बाइक-स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हुई।
हादसे में 22 वर्षीय विजय कुमार की मौत हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहन को क्षतिग्रस्त किया।
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर) । विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट-हरिचक पथ पर कापन गांव के समीप सोमवार को बाइक और स्कार्पियो की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, स्कार्पियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्यकर्मियों को लेकर खोकसाहा चौक की ओर जा रही थी। वहीं, बाइक सवार दो युवक खोकसाहा की ओर से अपने घर लौट रहे थे। कापन गांव के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
दो युवक गंभीर रूप से घायल
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विभूतिपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
सदर अस्पताल समस्तीपुर में इलाज के दौरान कापन वार्ड-5 निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार की मौत हो गई। वह कैलाश राम का पुत्र था। वहीं, दूसरे घायल अभिषेक कुमार का एक निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है। अभिषेक भी कापन वार्ड-5 निवासी शंकर राम का पुत्र है।
खबरें और भी
स्कार्पियो पर सवार लोग सुरक्षित
हादसे में स्कार्पियो पर सवार सभी स्वास्थ्यकर्मी और अन्य लोग सुरक्षित बच गए। हालांकि दुर्घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
आक्रोशित लोगों ने स्कार्पियो को क्षतिग्रस्त किया
युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने लाठी-डंडों से स्कार्पियो पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के दादा एवं पूर्व वार्ड पंच ब्रह्मदेव राम, मां उषा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि मृतक विजय कुमार और घायल अभिषेक कुमार आपस में रिश्तेदार हैं। दोनों के दादा सगे भाई हैं।
ब्लैक स्पॉट घोषित करने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कापन गांव के आसपास सड़क दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने संबंधित स्थलों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर सुरक्षा उपाय करने की मांग प्रशासन से की है।
पुलिस कर रही जांच
विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।