समस्तीपुर में महिला सिपाही को चकमा देकर भागा बंदी, बुआ के घर पहुंचा तो ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय से पॉक्सो मामले का एक विचाराधीन बंदी रोशन कुमार फरार हो गया था। पुलिस ने उसे 20 घंटे के भीतर मोहनपुर चौक स्थित एक अस्पताल स ...और पढ़ें

समस्तीपुर में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । स्थानीय व्यवहार न्यायालय परिसर से सोमवार को फरार हुआ पाक्सो मामले का विचाराधीन बंदी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। महज बीस घंटे बाद ही पुलिस ने मुफस्सिल थाना के मोहनपुर चौक स्थित एक अस्पताल से दबोच लिया। बाद में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
गिरफ्तार बंदी की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र रौशन कुमार उर्फ साजन के रूप में हुई है। वह करीब एक वर्ष से पाक्सो अधिनियम से जुड़े एक मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था।
सोमवार को नियमित पेशी के लिए उसे जेल से व्यवहार न्यायालय लाया गया था। वहीं मामले में नगर थाना में कोर्ट के पेशकार प्रभात रंजन कर्ण ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पाक्सो मामले में विचाराधीन बंदी रौशन कुमार को न्यायालय में पेश किया गया।
उसे एक महिला सिपाही के अभिरक्षा में रखा गया था। जहां से वह फरार हो गया। बताया गया कि फरारी की घटना के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।
पुलिस टीम की दबिश देने बाद स्वजन भी उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच स्वजनों को जानकारी मिली कि वह कल्याणपुर थाना के हसनपुर गांव स्थित अपने बुआ के घर पहुंचा है। उसे खाना देकर लोगों ने एक कमरे में कैद कर दिया।
खबरें और भी
जहां से वह घर का वेंटिलेशन को तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान वह मकान से गिरकर जख्मी हो गया। सभी ने उसे मोहनपुर चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी भनक लगते ही पुलिस टीम ने उसे अस्पताल से दबोच लिया।
जख्मी के नाक पर गहरी चोट लगी है। उसकी गंभीर हालत को देख उसे पुलिस टीम ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। बताया गया कि फरार बंदी रौशन सोमवार की दोपहर फरार होने बाद दौड़ते हुए कोर्ट से बाहर निकला।
इसके बाद से वह पूरी रात शहर में इधर-उधर भटकता रहा। रात के समय वह किसी तरह से पैदल ही मथुरापुर घाट होते हुए कल्याणपुर के हसनपुर पहुंचा। सुबह वह अपने बुआ के घर पहुंचा।
इधर, रौशन के फरार होने की सूचना पर स्वजनों के बीच भी कोहराम मच गया। सभी उसकी तलाश में जुटे थे। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि उसे गिरफ्तार किया गया है। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने पर उसका उपचार कराया जा रहा है। स्वस्थ होने बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
पूरे मामले को लेकर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने जांच के आदेश दिए है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने बाद दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सोमवार की दोपहर पाक्सो मामले में विचाराधीन बंदी रौशन पेशी के दौरान न्यायालय से महिला सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया था।