बिहार में SC, ST, BC और EBC छात्रों के लिए सुनहरा मौका, छात्रवृत्ति आवेदन शुरू
समस्तीपुर में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है, पात्र छात्र 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजन ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जिले में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत पात्र छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं 15 सितंबर तक आनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
छात्रवृत्ति की राशि, आय व जाति प्रमाण पत्र सत्यापन के बाद जारी की जाएगी। आवेदन की स्थिति की जानकारी एसएमएस से दी जाएगी। एसएमएस नहीं मिलने पर अभ्यर्थी को नियमित रूप से पोर्टल पर लागिन कर अपने आवेदन की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करनी होगी।
बहरहाल, आवेदन करने के दौरान अभ्यर्थियों की सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों की तिथि एक अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 के बीच की होनी चाहिए।
आनलाइन आवेदन के लिए आवासीय, आय व जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य है। इसके साथ ही आय प्रमाण पत्र जो कि एक अप्रैल 2026 या उसके बाद का जारी हो, जाति प्रमाण पत्र पिछले दो शैक्षणिक सत्रों से वर्तमान सत्र तक मान्य रहेगा।
आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर अधिकतम तीन बार सुधार का अवसर दिया जाएगा। वहीं, त्रुटि मिलने पर पंद्रह दिनों के भीतर त्रुटि दूर कर दूसरी दफा आवेदन पूर्ण करना होगा।
ऐसा नहीं करने पर आवेदन स्वयं अस्वीकृत कर दिया जाएगा। बताया जा रहा कि यदि कोई अभ्यर्थी उसी पाठ्यक्रम व शैक्षणिक सत्र में किसी अन्य छात्रवृत्ति योजना का लाभ ले रहा तो उसका आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
आधार बैंक खाते से लिंक होने पर ही कर सकेंगे आवेदन
जिन अभ्यर्थियों का आधार बैंक खाते से लिंक नहीं होगा, वे आवेदन नहीं कर सकेंगे। गलत बैंक खाते से आधार जुड़े होने पर भी छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान नहीं होगा।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग व अति पिछड़ा वर्ग प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 15 सितंबर तक किया जा सकेगा।
इस योजना का लाभ जिले के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरकारी व निजी आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, बीएड व डीएलएड कॉलेज समेत सभी संबंधित शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राएं ले सकेंगे।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल पर शिक्षण संस्थानों का पंजीकरण 25 अगस्त तक होगा। इसके बाद किसी नए संस्थान का पंजीकरण नहीं होगा, साथ ही आवेदन भी स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का सत्यापन करना होगा। संस्थानों के प्रधानाचार्य व नोडल पदाधिकारियों को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देंगे। साथ ही पात्र अभ्यर्थियों की पहचान करने व आनलाइन आवेदन में सहयोग करेंगे। छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आधार का डीबीटी से जुड़े बैंक खाते में सीड होना अनिवार्य है।