3 शादियां और 7 बच्चे; अब जमीन के लिए सिर-फुटौव्वल, समस्तीपुर में महिला पर किया हमला
समस्तीपुर के पतैली में जमीन विवाद को लेकर एक महिला पूनम देवी को उसके पट्टेदारों ने पीटकर अधमरा कर दिया। लालबहादुर पासवान की पत्नी पूनम देवी को गंभीर ह ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पतैली में जमीन विवाद पर महिला पर हमला।
पूनम देवी को पट्टेदारों ने पीटकर अधमरा किया।
पति की तीन शादियां विवाद का कारण बनीं।
संवाद सहयोगी, उजियारपुर (समस्तीपुर)। थाना क्षेत्र के पतैली पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या आठ में जमीन विवाद को लेकर एक महिला को उसके ही पट्टेदारों द्वारा पीट-पीटकर अधमरा करने का मामला प्रकाश में आया है।
जख्मी महिला की पहचान लालबहादुर पासवान की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर किया गया। घटना का कारण जख्मी महिला ने अपने पति के हिस्से की जमीन हड़पने की नीयत से करना बताया है।
इस संबंध में थाना में आवेदन देकर जख्मी महिला ने अपने फरीक के आठ लोगों को आरोपित किया है। इसमें मिथलेश पासवान, उसकी पत्नी जुली देवी, तेजो पासवान, धर्मेंद्र पासवान, कृष्ण पासवान, श्याम सुंदर पासवान, प्रवीण पासवान और दीपांशु पासवान शामिल है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति लालबहादुर पासवान बाहर रहकर काम करते हैं और वह गांव में अकेली रहती है। असहाय समझकर पट्टेदार उसे लगातार प्रताड़ित करते रहते हैं। रविवार की सुबह करीब छह बजे मिथलेश पासवान एवं जुली देवी उसके घर पहुंचे और दरवाजे पर लगी टाट उखाड़ दी।
भिक्षा मांगकर जुटाए गए खाने-पीने के सामान को नष्ट कर दिया तथा दस हजार रुपये चोरी कर लिए। पीड़िता का कहना है कि अगले ही दिन उक्त लोगों ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उसके घर पर धावा बोला। गाली-गलौज करते हुए बाल पकड़कर लाठी-डंडे से पिटाई की और घर से बाहर निकालने लगे।
खबरें और भी
मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई। इसके बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक सूचना में महिला की हत्या की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में मारपीट की पुष्टि हुई है। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अचेत अवस्था में पड़ी महिला को उठाकर उजियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया।
तीन शादियों के कारण बढ़ा विवाद
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लालबहादुर पासवान पूर्व में दानापुर पुलिस कैंप में कार्यरत थे। उन्होंने तीन शादियां की हैं। पहली पत्नी से चार बच्चे हैं। बाद में पटना में दूसरी शादी की, जिससे तीन बच्चे हुए।
इसके बाद बेतिया में ड्यूटी के दौरान पूनम देवी से संपर्क हुआ और तीसरी शादी कर ली। बताया जाता है कि जब दूसरी पत्नी को इसकी जानकारी मिली तो उसने विभागीय अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद लालबहादुर की नौकरी चली गई।
फिलहाल वह दानापुर में दूसरी पत्नी के साथ रह रहा है, जबकि तीसरी पत्नी पूनम देवी को अपने साथ नहीं रखा। पूनम करीब दो-तीन महीने से पतैली एवं आसपास के गांवों में भिक्षा मांगकर जीवन यापन कर रही थी। इसी बीच जमीन के हिस्से को लेकर विवाद बढ़ा और घटना घटित हुई।