समस्तीपुर में दामाद ने ससुर की गला काटकर की हत्या, बेटी को मायके लाने से था नाराज
समस्तीपुर के मुसरीघरारी में एक दामाद ने अपने ससुर की तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। यह घटना बेटी को मायके लाने और लंबे समय से चल रहे पारिवारि ...और पढ़ें

घटना के बाद विलाप करती स्वजन।
HighLights
समस्तीपुर में दामाद ने ससुर की गला काटकर हत्या की।
बेटी को मायके लाने और पारिवारिक विवाद था मुख्य कारण।
पुलिस आरोपी दामाद जितेंद्र दास की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनधारा रुपौली गांव में रविवार की रात एक दामाद ने अपने ही ससुर की तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को स्वजन आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बनधारा रुपौली निवासी बीजो दास के रूप में हुई।
आरोपित मौके से फरार
वहीं हत्या का आरोप उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर गांव निवासी उनके दामाद जितेंद्र दास पर लगा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
स्वजनों ने बताया कि बीजो दास की पुत्री और दामाद के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों के रिश्ते सामान्य नहीं थे। कुछ दिन पहले बीजो अपनी बेटी को उसके ससुराल से मायके लेकर आए थे। इसके बाद उन्होंने दामाद जितेंद्र दास को अपने व्यवहार और गतिविधियों में सुधार करने की नसीहत दी थी।
इस विवाद को लेकर परिवार और समाज के लोगों के बीच पंचायत कराने की भी तैयारी चल रही थी ताकि दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया जा सके। इसी बीच रविवार की रात जितेंद्र दास अपने ससुराल पहुंच गया।
बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा
स्वजनों के अनुसार बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते उसने तेजधार हथियार निकालकर बीजो के गले पर वार कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने में देर रात तक जुटी रही। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
खबरें और भी
पुलिस संभावित ठिकानों पर दे रही दबिश
एसडीपीओ संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि हत्या के आरोपित जितेंद्र दास की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। देर रात उसके चांदचौर स्थित घर पर भी पुलिस पहुंची, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद सामने आया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।