समस्तीपुर में हाथ में तिरंगा थाम सड़क पर उतरे छात्र, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक रोकने की मांग
Paper Leak Movement Bihar: समस्तीपुर में छात्रों ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली। उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफ ...और पढ़ें

सड़क पर तिरंगा के साथ प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं। फोटो सौ. जागरण
HighLights
छात्रों ने समस्तीपुर में तिरंगा यात्रा निकालकर विरोध जताया।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक रोकने की मांग की।
एसडीओ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Paper Leak Movement Bihar: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को समस्तीपुर में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर जमकर विरोध दर्ज कराया।
सड़क पर उतरे छात्र-छात्राएं
पटेल मैदान गोलंबर से अंबेडकर स्मारक तक आयोजित इस शांतिपूर्ण मार्च में बड़ी संख्या में युवा और छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे।
प्रदर्शनकारी छात्र लगातार नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग कर रहे थे।
बिना बैनर-पोस्टर निकला मार्च
इस मार्च की खासियत यह रही कि इसमें किसी राजनीतिक दल का झंडा या बैनर नहीं दिखा। छात्रों ने बिना किसी बैनर के बेहद अनुशासित ढंग से मार्च पूरा किया।
अंबेडकर स्मारक पर प्रदर्शन के बाद पांच सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल ने सदर एसडीओ राकेश कुमार से मुलाकात कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
मुस्तैद रहा जिला प्रशासन
आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पहले से सतर्क रही। समाहरणालय, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मार्च के दौरान कुछ छात्र बेबाकी से अपनी मांगें रखते दिखे, तो कई युवाओं ने पुलिसिया कार्रवाई के डर से चेहरे पर मास्क लगाकर पहचान छिपाए रखी।
रात भर चली प्रशासनिक बैठक
आंदोलन से एक दिन पूर्व गुरुवार रात ही डीएम और एसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक कर सुरक्षा रणनीति तैयार की थी।
शनिवार को भी रहेगी सख्ती
विभिन्न संगठनों के संभावित प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार को भी शहर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी और पुलिस बल अलर्ट मोड पर तैनात रहेगा।