हाजीपुर और बरौनी के रास्ते चलेगी सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सुपौल और नई दिल्ली के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 6 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 ...और पढ़ें

हाजीपुर और बरौनी के रास्ते चलेगी सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन
HighLights
सुपौल-नई दिल्ली के बीच चलेगी नई स्पेशल ट्रेन।
6 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक होगा परिचालन।
समस्तीपुर सहित कई शहरों के यात्रियों को लाभ।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुपौल और नई दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सहरसा, मानसी, खगड़िया, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी और प्रयागराज के रास्ते चलेगी।
ट्रेन के परिचालन से समस्तीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को नई दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04072 नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल का परिचालन 6 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा।
यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:35 बजे चलेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए दूसरे दिन 20:53 बजे सोनपुर, 21:05 बजे हाजीपुर और 22:10 बजे शाहपुर पटोरी पहुंचेगी।
इसके बाद तीसरे दिन 00:35 बजे बरौनी, 01:03 बजे बेगूसराय, 02:18 बजे खगड़िया, 02:40 बजे मानसी, 03:10 बजे सिमरी बख्तियारपुर और 03:45 बजे सहरसा पहुंचेगी। ट्रेन सुबह 6:35 बजे सुपौल पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04071 सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल का परिचालन 8 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। यह ट्रेन सुपौल से सुबह 7:45 बजे चलेगी।
इसके बाद 9:35 बजे सहरसा, 10:08 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 10:53 बजे मानसी, 11:05 बजे खगड़िया, 11:38 बजे बेगूसराय, 12:20 बजे बरौनी, 13:30 बजे शाहपुर पटोरी, 14:50 बजे हाजीपुर और 15:05 बजे सोनपुर पहुंचेगी। विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए ट्रेन अगले दिन 15:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
16 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन:
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इसमें तीन तृतीय वातानुकूलित श्रेणी, आठ शयनयान श्रेणी, चार साधारण श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
रेलवे का यह निर्णय त्योहारों एवं अन्य कारणों से बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लिया गया है। ट्रेन के चलने से सुपौल, सहरसा, खगड़िया, बरौनी, शाहपुर पटोरी और हाजीपुर क्षेत्र के यात्रियों को नई दिल्ली की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।