दूल्हे की चप्पलों से पिटाई, समस्तीपुर में वरमाला से पूर्व पहली पत्नी के पहुंचने पर हंगामा
Bihar Wedding News: समस्तीपुर में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब वरमाला के दौरान दूल्हे की पहली पत्नी मौके पर पहुंच गई और उसकी चप्पलों से ...और पढ़ें

शाहपुर पटोरी थाने के हाजत में बंद दूल्हा और उसकी पहली पत्नी। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, शाहपुर पटोरी (समस्तीपुर)। Samastipur Marriage Drama: जिले के पटोरी थाना क्षेत्र में एक शादी उस समय हंगामे में बदल गई, जब वरमाला के दौरान दूल्हे की पहली पत्नी मौके पर पहुंच गई।
देखते ही देखते शादी समारोह रणक्षेत्र में बदल गया। पहली पत्नी ने दूल्हे की कॉलर पकड़कर चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने भी बारातियों को खदेड़ दिया।
घटना पटोरी थाना क्षेत्र के लोदीपुर धीर गांव की है। बुधवार देर रात प्रदीप सहनी की बेटी अस्मिता की शादी वैशाली जिले के तिसिऔता थाना क्षेत्र के प्राणपुर निवासी पंकज कुमार के साथ हो रही थी। बारात धूमधाम से पहुंची थी और शादी की रस्में चल रही थीं।
वरमाला के समय खुली दूल्हे की पोल
जैसे ही दुल्हन वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंची और दूल्हे को माला पहनाने वाली थी, तभी अचानक दूल्हे की पहली पत्नी नीलम देवी वहां पहुंच गई।
नीलम देवी ने दूल्हे की कॉलर पकड़ ली और चप्पलों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने बारातियों को खदेड़ा
दूल्हे के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
हंगामे के दौरान दूल्हे पंकज कुमार का सिर फट गया। वहीं ग्रामीणों ने दूल्हे के पिता और चाचा को बंधक बना लिया। बारात में आई तीन गाड़ियों को भी कब्जे में रख लिया गया।
दूल्हे और पत्नी को लिया हिरासत में
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पटोरी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दूल्हे के साथ उसकी पहली पत्नी को थाने ले आई। हंगामे के कारण शादी की रस्में रोक दी गईं और विवाह नहीं हो सका।
तमिलनाडु में हुई थी पहली शादी
थाने में नीलम देवी ने बताया कि करीब छह साल पहले तमिलनाडु में उसकी शादी पंकज कुमार से हुई थी। दोनों वहां कपड़ा फैक्ट्री में काम करते थे और पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे।
नीलम ने बताया कि उसे पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसने वैशाली जिले के तिसिऔता थाना में आवेदन भी दिया था। बाद में पता चलने पर वह सीधे शादी समारोह में पहुंच गई।
दो बच्चों की मां है पहली पत्नी
नीलम देवी ने पुलिस को बताया कि वह पहले से तलाकशुदा थी और एक बच्चे की मां थी। पंकज से शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे। अब उनके दो बच्चे हैं। उसने कहा कि भले उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाए, लेकिन वह दूसरी लड़की की जिंदगी खराब नहीं होने देगी।
खबरें और भी
पुलिस कर रही मामले की जांच
समाचार लिखे जाने तक पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही थी। ग्रामीण अब भी दूल्हे के पिता और चाचा को रोके हुए थे। हालांकि देर रात तक इस मामले में थाने में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी।