वैभव सूर्यवंशी का जिंबाब्वे के खिलाफ रिकॉर्ड अर्धशतक, समस्तीपुर में हर चौके छक्के पर बजीं तालियां
Youngest Cricketer Half Century Record:समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी ने जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 19 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़कर ...और पढ़ें

जिंबाब्वे के खिलाफ वैभव की पारी का आनंद लेते खेल प्रेमी। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, समस्तीपुर। Vaibhav Suryavanshi Half Century: जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में समस्तीपुर के लाल वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी और रिकॉर्डतोड़ पारी खेली है। वैभव ने महज 19 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से शानदार अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया।
बने सबसे कम उम्र के अर्धशतकवीर
महज 15 साल 118 दिन की उम्र में अर्धशतक बनाकर वैभव अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने 4 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ पर्दापण कर भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।
टीवी स्क्रीन से चिपके रहे खेल प्रेमी
सुबह से ही समस्तीपुर के लोग वैभव की बल्लेबाजी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और उनके मैदान पर उतरते ही रोमांच चरम पर पहुंच गया। हर चौके और छक्के पर खेल प्रेमियों ने तालियां बजाईं, हालांकि कुछ चैनलों पर प्रसारण न होने से कई प्रशंसक लाइव मैच देखने से वंचित भी रह गए।
ताजपुर स्थित आवास पर जुटी भीड़
वैभव के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद ताजपुर स्थित उनके पैतृक आवास पर बधाई देने वाले शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों का जमावड़ा लगा रहा। बचपन के कोच ब्रजेश झा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह तो बस शुरुआत है, आगे वैभव और भी कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करेगा।
खबरें और भी
दिग्गजों और खेल प्रेमियों ने दी बधाई
जिला क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान संजीव ठाकुर ने वैभव को अद्भुत खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उसने पूरे समस्तीपुर का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। वरिष्ठ खेल प्रेमी ललितेश्वर मिश्र, सूर्य भूषण प्रसाद, राहुल कुमार, अभय कुमार और पारसनाथ सिंह समेत कई खेल प्रेमियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताया।