Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सारण में एक साथ उठीं चार अर्थियां: शादी की खुशियां मनाने गए थे मनाली, सड़क हादसे ने बर्बाद किए 2 परिवार

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 06:43 PM (IST)

    भोजपुर सड़क हादसे में सोनपुर के दो परिवारों के चार युवाओं की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। नवविवाहित दंपती और दो सगे भाइयों का अ ...और पढ़ें

    जलती हुई चिता। फोटो जागरण

    जलती हुई चिता। फोटो जागरण

    HighLights

    1. भोजपुर सड़क हादसे में सोनपुर के चार युवाओं की मौत।

    2. नवविवाहित दंपती और दो भाइयों का एक साथ अंतिम संस्कार।

    3. मनाली से लौटते समय स्कॉर्पियो कंटेनर से टकराई।

    संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। भोजपुर में हुए भीषण सड़क हादसे ने सोनपुर के दो परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं। रविवार को चारों शव जैसे ही सोनपुर पहुंचा पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

    सोमवार को अलग-अलग घाटों पर चार युवाओं का अंतिम संस्कार किया गया। एक ओर नवविवाहित दंपती की चिता साथ जली, तो दूसरी ओर दो सगे भाइयों को अंतिम विदाई दी गई। इस हृदयविदारक दृश्य ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।

    नयागांव थाना क्षेत्र की चतुरपुर पंचायत के हरपुरनंद गांव निवासी प्रकाश सिंह (32) और उनकी पत्नी पल्लवी सिंह (28) का अंतिम संस्कार गांव स्थित कल्लू घाट पर किया गया। दोनों को प्रकाश के सौतेले भाई आदित्य सिंह ने मुखाग्नि दी।

    कुछ महीने पहले हुआ था विवाह

    इस दुर्घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि प्रकाश सिंह और पल्लवी सिंह का विवाह इसी वर्ष 22 फरवरी को हुआ था। शादी के महज कुछ महीने बाद ही दोनों की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

    जिस घर में हाल ही में विवाह की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब मातम और सिसकियों का माहौल है।। पति-पत्नी की चिताएं एक साथ जलती देख परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो गया।

    वहीं, सोनपुर शिक्षक कॉलोनी निवासी विनोद सिंह के पुत्र गौरव कुमार (26) और सौरभ कुमार (24) का अंतिम संस्कार सोनपुर काली घाट पर किया गया। दो जवान बेटों की एक साथ अंतिम यात्रा और फिर दोनों की चिताएं एक साथ जलती देख उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। स्वजन का दुख देख हर कोई स्तब्ध था।

    खबरें और भी

    कैसे हुआ हादसा?

    स्वजन के अनुसार, चारों युवक-युवती हिमाचल प्रदेश के मनाली से लौट रहे थे। स्कॉर्पियो वाहन को प्रकाश सिंह चला रहे थे। भोजपुर जिले में वाहन तेज रफ्तार के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गया।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी सिंह और सौरभ कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल गौरव कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

    दोनों जवान बेटों को खोया 

    उधर, अपने दोनों जवान बेटों को खोने वाले पिता विनोद सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन को सांत्वना देने पहुंचे लोगों की भी आंखें नम हो गईं। हरपुरनंद गांव और सोनपुर शिक्षक कॉलोनी में दिनभर शोक का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को क्षेत्र की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।

    यह भी पढ़ें- भोजपुर हाईवे पर सड़क हादसा: स्कार्पियो-ट्रक की टक्कर में दंपती समेत 3 की मौत, एक घायल

    यह भी पढ़ें- थकान, झपकी और रफ्तार... हाईवे पर हादसों की खतरनाक तिकड़ी, हर रोज लील रही जानें