सारण में भाजपा को झटका! युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुमंत कुमार ने दिया इस्तीफा
भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुमंत कुमार ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सुमंत कुमार ने सभी पदों से दिया इस्तीफा।
व्यक्तिगत और राजनीतिक कारणों से आहत होकर लिया यह निर्णय।
स्थानीय भाजपा संगठन में इस्तीफे को लेकर चर्चाओं का दौर जारी।
पंचायत सूत्र, डेरनी/दरियापुर (सारण)। भाजपा के युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुमंत कुमार ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी कार्यालय को भेजते हुए इसे स्वीकार करने का आग्रह किया है।
दरियापुर प्रखंड के सुतिहार मठिया निवासी सुमंत कुमार के अचानक इस्तीफा देने से स्थानीय भाजपा संगठन में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सुमंत कुमार ने बताया कि व्यक्तिगत और राजनीतिक कारणों से आहत होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है। त्यागपत्र में उन्होंने भारी मन से भाजपा के सभी पदों से त्यागपत्र देने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे किसी व्यक्ति विशेष का नाम या कोई विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया है।
उनके इस्तीफे की सूचना सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कार्यकर्ताओं के बीच संगठन में इसके संभावित प्रभाव को लेकर भी चर्चा है। खासकर युवा मोर्चा के स्तर पर उनके पद छोड़ने को महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
इधर, पार्टी से जुड़े लोगों की ओर से सुमंत कुमार को मनाने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। समाचार लिखे जाने तक इस्तीफा स्वीकार किए जाने को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी।
