3 पत्नियां, 5 बच्चे... तीसरी से हुए विवाद के बाद चला चाकू, छपरा में फल व्यवसायी की संदिग्ध मौत
छपरा के भगवान बाजार में फल व्यवसायी मोहम्मद सोनू की इलाज के दौरान संदिग्ध मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है। ...और पढ़ें

छपरा में फल व्यवसायी की संदिग्ध मौत
HighLights
छपरा में फल व्यवसायी मोहम्मद सोनू की संदिग्ध मौत।
पुलिस ने पूछताछ के लिए पत्नी जमीला खातून को हिरासत में लिया।
पति-पत्नी के विवाद में धारदार हथियार से हमले का आरोप।
जागरण संवाददाता, छपरा। शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित गुदरी फीडर बाजार में एक फल व्यवसायी की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतक की पहचान स्व. मोहम्मद मनीर के पुत्र वकार यूनिस उर्फ मोहम्मद सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटना के संबंध में उसकी पत्नी जमीला खातून को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पत्नी से विवाद के दौरान हुआ हमला का आरोप
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मोहम्मद सोनू पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल सोनू को स्वजन तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
निजी क्लीनिक इलाज के दौरान मोहम्मद सोनू की मौत 30 जुलाई की रात हो गई। युवक की मौत के बाद शव को उसके किराये के मकान पर ले जाने के बजाय रिश्तेदार के घर पहुंचाए जाने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के बहनोई को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
पांच बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था परिवार
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहम्मद सोनू अपनी तीसरी पत्नी और पांच बच्चों के साथ शहर में किराये के मकान में रहता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
खबरें और भी
उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि सोनू उर्फ वकार यूनिस शराब के नशे में घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के क्रम में उसके पति ने धारदार चाकू से अपने पेट में खुद वार कर लिया।
भगवान बाजार थाना जांच में जुटी
भगवान बाजार थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतक के स्वजन की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।