Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    छपरा हिंसा: 4 FIR में 186 नामजद और 2500 अज्ञात पर केस, 56 आरोपी गिरफ्तार; 140 बॉन्ड पर रिहा

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 01:56 PM (IST)

    सारण में 25 जुलाई के बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा में पुलिस ने 4 FIR दर्ज कर 186 नामजद और 2500 अज्ञात लोगों पर केस किया है। ...और पढ़ें

    छपरा हिंसा

    छपरा हिंसा

    HighLights

    1. सारण हिंसा: 4 FIR, 186 नामजद, 2500 अज्ञात पर केस।

    2. पुलिस ने 56 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।

    3. साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई, 140 बॉन्ड पर रिहा।

    जागरण संवाददाता, छपरा। 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सारण में हुई हिंसा और उपद्रव के मामले में पुलिस ने जांच और कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक इस मामले में चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनमें 186 नामजद तथा करीब 2500 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। 

    पुलिस ने 196 लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ और सत्यापन किया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 56 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर 140 लोगों को बंधपत्र पर मुक्त कर दिया गया।

    सिर्फ साक्ष्य के आधार पर होगी कार्रवाई

    सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ केवल संदेह, अफवाह, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित पोस्ट या किसी के मौखिक आरोप के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्रत्येक मामले में वीडियो फुटेज, डिजिटल साक्ष्य, तकनीकी जांच और अन्य कानूनी प्रमाणों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। जिन लोगों की हिंसा या उपद्रव में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलेंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई होगी।

    उपद्रवियों की पहचान का अभियान जारी

    पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य डिजिटल माध्यमों से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। जांच के दौरान जिन व्यक्तियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य सामने आएंगे, उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, जिनके खिलाफ प्रमाण नहीं मिलेंगे, उनके विरुद्ध कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी।

    खबरें और भी

    सरकारी वाहन व संपत्तियों के नुकसान का किया जा रहा आंकलन

    बंद के दौरान नगरपालिका चौक के समीप तरैया थाना के सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके अलावा अन्य सरकारी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रशासन क्षति का आकलन और सत्यापन करा रहा है। विस्तृत प्रतिवेदन मिलने के बाद सरकारी संपत्तियों को हुए नुकसान का अंतिम ब्योरा जारी किया जाएगा।

    करीब 20 पुलिसकर्मी व अधिकारी हुए घायल

    हिंसक घटनाओं में लगभग 20 प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों का उपचार कराया गया है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की भूमिका की अलग से जांच की जा रही है।

    छात्रों व आम नागरिकों से की अपील

    सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने शांतिपूर्ण और कानून का पालन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों से किसी प्रकार की आशंका या भ्रम में नहीं आने की अपील की है। उन्होंने ने कहा है कि भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से बचें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। 

    साथ ही चेतावनी दी है कि हिंसा और उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- बिहार बंद के दौरान हिंसा पर एक्शन: सारण पुलिस को 97 चेहरों की तलाश, सोशल मीडिया पर जारी हुईं तस्वीरें