गौतम अदाणी ने बिहार को दी बड़ी स्वास्थ्य सौगात; मस्तीचक में 700 करोड़ की परियोजना का भूमिपूजन
गौतम अदाणी ने बिहार के सारण जिले के मस्तीचक में 150 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजना का भूमिपूजन किया। यह अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के साथ मिलकर ग्रामी ...और पढ़ें
HighLights
अदाणी ने सारण के मस्तीचक में नेत्र अस्पताल का भूमिपूजन किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में किफायती नेत्र चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की जाएंगी।
परियोजना के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक का सहयोग संकल्पित।
जागरण संवाददाता, पटना। अदाणी समूह के चेयरमैैन गौतम अदाणी ने रविवार को अपनी पत्नी डाॅॅ. प्रीति के साथ सारण जिले के मस्तीचक पहुंचकर बिहार को बड़ी स्वास्थ्य सौगात दी।
उन्होंने यहां गायत्री मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अखंड ज्योति आई हास्पिटल के 150 करोड़ की लागत से प्रशिक्षण केंद्र और नई दूरगामी योजनाओं का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दुनिया का सबसे बड़ा नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रम
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह पहल केवल बिहार ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र स्वास्थ्य कार्यक्रमों में से एक मानी जा रही है।
अदाणी समूह और अखंड ज्योति आई हास्पिटल के संयुक्त प्रयास से ग्रामीण क्षेत्रों में अत्याधुनिक और किफायती नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बताया गया कि इस परियोजना का उद्देश्य उत्तर और मध्य भारत के पिछड़े एवं ग्रामीण इलाकों तक विश्वस्तरीय नेत्र उपचार पहुंचाना है।

गांव-गांव तक पहुंचेगी सेवा
योजना के तहत गांव-गांव तक मोबाइल वैन के जरिए आंखों की जांच और इलाज की सुविधा दी जाएगी। साथ ही अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र भी विकसित किए जाएंगे, जहां डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण मिलेगा।
इधर गौतम अदाणी ने एक्स पर पोस्ट किया है। लिखा है, आज बिहार की पवित्र धरती मस्तीचक आकर मन गर्व, भावनाओं और आत्मीयता से भर गया।
गायत्री शक्तिपीठ पहुंचकर एक अलग ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा का अनुभव हुआ। किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना केवल इलाज नहीं होता… यह उसके जीवन में फिर से उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान लौटाने का पुण्य काम है।
गायत्री परिवार, अखंड ज्योति और मृत्युंजय जी जिस सेवा-भाव से समाज को नई दिशा दे रहे हैं, उसने मुझे भीतर तक प्रभावित किया है।
उनके इस असाधारण कार्य के लिए उन्हें हृदय से साधुवाद एवं शुभकामनाएँ। हमारे लिए “सेवा ही साधना है” कोई नारा नहीं, बल्कि करुणा को कर्म में बदलने की प्रेरणा है।
अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीजेज खुलेगा
अखंड ज्योति फाउंडेशन भी इसी विचार को समाज सेवा के माध्यम से जीवंत कर रहा है। इसी भावना के साथ अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति अस्पताल के साथ मिलकर ACE - Adani Centre for Eye Diseases” की शुरुआत करने जा रहे हैं।
यह जरूरतमंद लोगों तक सुलभ और किफायती नेत्र चिकित्सा पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास होगा। साथ ही ATOM - Adani Training Centre for Ophthalmic Medicine के माध्यम से नई पीढ़ी के नेत्र विशेषज्ञों और महिला स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार किया जाएगा।
हमने बिहार की इस पावन धरती से प्रारंभ हुई सेवा की इस ज्योति को आने वाले वर्षों में देश के हर जरूरतमंद तक पहुँचाने का प्रण लिया है।
इसी भावना के साथ “अदाणी अखंड ज्योति ट्रस्ट” पूर्ण समर्पण, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य करता रहेगा।
सेवा और मानवता के इन पावन कार्यों हेतु हमने आने वाले वर्षों में 700 करोड़ रुपये से अधिक के सहयोग का संकल्प लिया है। बिहार हमेशा से राष्ट्र को नई चेतना देने वाली धरती रही है।
यह पुनीत मुहिम उसी सेवा भावना, संस्कार और समर्पण के माध्यम से देश को नई रोशनी देने का प्रयास है। बिहार की जनता के स्नेह और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार।