Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सारण में आधी रात डकैती, गृहस्वामी पर हथौड़े से हमला; 6 लाख के गहने लेकर फरार बदमाश

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 12:51 PM (IST)

    दाउदपुर के कोहड़ा बाजार गांव में देर रात अपराधियों ने एक घर में धावा बोलकर गृहस्वामी ऋषिदेव शर्मा को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाश करीब छह लाख रुपय ...और पढ़ें

    अस्‍पताल में चल रहा घायल का उपचार।

    अस्‍पताल में चल रहा घायल का उपचार।

    HighLights

    1. दाउदपुर के कोहड़ा बाजार में देर रात हुई लूट।

    2. गृहस्वामी ऋषिदेव शर्मा हथौड़े से घायल, अस्पताल में भर्ती।

    3. अपराधी छह लाख रुपये के गहने लूटकर हुए फरार।

    संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के कोहड़ा बाजार गांव में शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने एक घर में धावा बोलकर गृहस्वामी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। 

    इसके बाद करीब छह लाख रुपये मूल्य के गहने लूटकर फरार हो गए। घायल गृहस्वामी ऋषिदेव शर्मा का इलाज सदर अस्पताल, छपरा में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

    कमरे से बाहर निकलते ही दबोचा 

    जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे ऋषिदेव शर्मा शौचालय जाने के लिए कमरे से बाहर निकले। जैसे ही उन्होंने मुख्य दरवाजा खोला, बाहर पहले से घात लगाए आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया।

    विरोध करने पर बदमाशों ने हथौड़ी जैसे भारी वस्तु से उनके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद कुछ अपराधी घर के अंदर घुस गए। 

    कमरे में रखा वह बैग लेकर फरार हो गए, जिसमें गृहस्वामी की पत्नी शारदा देवी और बड़ी पुत्री सोनम कुमारी के स्वर्णाभूषण रखे थे।

    loot

    (लूट के बाद घर में ब‍िखरे सामान।)

    अपराध‍ियों के जाने के बाद चला घटना का पता 

    बदमाशों के चले जाने के बाद घायल ऋषिदेव शर्मा ने किसी तरह बेटे जितेंद्र शर्मा को आवाज दी। परिजन बाहर पहुंचे तो उन्हें लहूलुहान अवस्था में पाया।

    घर की तलाशी लेने पर गहनों से भरा बैग गायब मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जबकि परिजन घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर गए।

    बताया जाता है कि वारदात से पहले बदमाश पड़ोसी प्रेम शर्मा के घर में भी घुसे थे। वहां एक बैग मिलने पर उसे खंगाला लेकिन कीमती सामान नहीं मिलने पर कुछ दूरी पर फेंक दिया।

    जाते समय उन्होंने अशोक शर्मा की पलानी से एक मोबाइल फोन भी उठा लिया। पीड़िता सोनम कुमारी ने बताया कि वह तीन माह से मायके में रह रही थीं और सोमवार को ससुराल लौटने वाली थीं।

    इसी बीच यह घटना हो गई। उनके अनुसार बैग में रखे गहनों की कीमत करीब छह लाख रुपये थी। दाउदपुर थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की प्रत्यक्ष जानकारी नहीं है। हालांकि, डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी।