15 मार्च से पटना-थावे के बीच चलेगी नई फास्ट पैसेंजर ट्रेन, छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस पर भी आया अपडेट
नई पटना-थावे फास्ट पैसेंजर ट्रेन 15 मार्च 2026 से शुरू होगी, जो पटना और थावे के बीच पाटलिपुत्र-दिघवारा मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन प्रतिदिन पटना से दोपहर ...और पढ़ें

15 मार्च से पटना-थावे के बीच चलेगी नई फास्ट पैसेंजर ट्रेन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, सारण/गोपालगंज। पटना जंक्शन और थावे जंक्शन के बीच यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 15 मार्च 2026 से नई पटना-थावे फास्ट पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन का संचालन पाटलिपुत्र-दिघवारा मार्ग से किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 55515 पटना-थावे फास्ट पैसेंजर प्रतिदिन पटना जंक्शन से 12:10 बजे चलेगी और फुलवारीशरीफ, पाटलिपुत्र, दीघा ब्रिज हॉल्ट, दिघवारा तथा गोल्डिनगंज सहित कई स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7:00 बजे थावे पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 55516 थावे-पटना फास्ट पैसेंजर थावे से रात 8:05 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन तड़के 3:20 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। नई ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 22 कोच तथा दो सामान सह गार्ड डिब्बे सहित कुल 24 डिब्बे लगाए जाएंगे।
गोपालगंज स्टेशन पर छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस के ठहराव को मिली मंजूरी
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 05089/05090 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस-छपरा तथा 05071/05072 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस-छपरा विशेष ट्रेनों का गोपालगंज स्टेशन पर दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव देने की अनुमति प्रदान की है।
वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 05089 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस विशेष ट्रेन गोपालगंज स्टेशन पर रात 22:13 बजे पहुंचेगी तथा 22:15 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं, वापसी में 05090 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा विशेष ट्रेन दोपहर 13:10 बजे पहुंचकर 13:12 बजे रवाना होगी।
खबरें और भी
इसी प्रकार 05071 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस विशेष ट्रेन गोपालगंज स्टेशन पर 17:13 बजे पहुंचकर 17:15 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी में 05072 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा विशेष ट्रेन सुबह 05:50 बजे पहुंचकर 05:52 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
रेलवे के इस निर्णय से गोपालगंज और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।